
Rishabh Pant on course for NZ Tests: भारतीय टेस्ट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले हैं। उन्हें पहले न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इंडिया ए टीम में चुना गया था, लेकिन बाद में हटा दिया गया। उनका भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन जारी रहा। अगले कुछ दिनों में फाइनल क्लियरेंस मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद उनके न्यूजीलैंड जाने की संभावना है। रिपोर्ट की मानें तो पंत कीवियों के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए तैयार हैं। 12 नवंबर को सीओई में उनका फाइनल फिटनेस और सिमुलेशन टेस्ट होने की उम्मीद है।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, असेसमेंट के बाद उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फाइइनल क्लियरेंस मिलने की संभावना है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पंत ने सेंटर में अच्छे बैटिंग और विकेटकीपिंग सेशन किए हैं। जहां वह नेट्स में कम्फर्टेबल नजर आए हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए उनके बैटिंग सेशन की तस्वीरों में वह अच्छे टच में नजर आ रहे थे।
कयास लगाए जा रहे हैं कि ऋषभ पंत पहले टेस्ट से काफी पहले न्यूजीलैंड पहुंच सकते हैं, जो 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में शुरू होगा। इसके बाद सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मुकाबला 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाना है। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भारतीय टीम के लिए ये सीरीज बहुत ही अहम होने वाली है। इसी से काफी हद तक ये तय हो जाएगा कि टीम इंडिया डब्ल्यूटीसी के फाइनल की रेस बनी रह पाएगी या नहीं।
ज्ञात हो कि पंत को शुरू में दो-टेस्ट सीरीज से पहले तीन इंडिया ए अनाधिकारिक टेस्ट मुकाबलों के लिए चुना गया था, लेकिन वह उनमें से किसी में भी नहीं खेल सके, क्योंकि उन्हें सीईओ से क्लियरेंस नहीं मिला था। श्रीनगर में रेस्ट ऑफ इंडिया और जम्मू एंड कश्मीर के बीच ईरानी कप मैच के दौरान उन्हें साइड स्ट्रेन हो गया था। हालांकि इस दौरान उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब जारी रखा। अगले कुछ ही दिनों में फाइनल क्लियरेंस मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद उनके न्यूजीलैंड जाने की उनकी पूरी संभावना जताई जा रही है।