क्रिकेट

पंत को वनडे और टी-20 में अय्यर या सैमसन का स्थान लेना चाहिए : हॉग

ब्रैड हॉग ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मैं ऋषभ पंत को वनडे और टी-20 की टीम में रखूंगा, क्योंकि उनके पास आत्मविश्वास है। टेस्ट सीरीज में दो मैच विजेता पारियां खेल उन्होंने अपने आप को साबित किया है....
2 min read
• •
Updated: 24 Jan 2021, 3:18 PM IST
pant.jpg

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी ब्रैड हॉग ने कहा है कि भारतीय चयनकर्ताओं को ऋषभ पंत को सीमित ओवरों की टीम में शामिल करना चाहिए। उनका कहना है कि पंत जिस तरह के शॉट खेलते हैं उसके कारण उन्हें गेंदबाजी करना मुश्किल हो जाता है। हॉग ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मैं उन्हें वहां रखूंगा क्योंकि उनके पास आत्मविश्वास है। टेस्ट सीरीज में दो मैच विजेता पारियां खेल उन्होंने अपने आप को साबित किया है। भारत के लिए खेलते हुए आपको ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर इससे बेहतर कुछ नहीं मिल सकता। मैं उन्हें अय्यर के स्थान पर टीम में रखता। आप बल्लेबाजी और गेंदबाजी में गहराई रखने के लिए एक ऑलराउंडर खेला सकते हैं। उन्हें अय्यर या संजू सैमसन के स्थान पर टीम में होना चाहिए।

उन्होंने कहा, उनको गेंदबाजी करना मुश्किल है। क्योंकि वह काफी अलग-अलग शॉट खेलते हैं जो बाकी बल्लेबाजों से अलग होते हैं। उनको टीम में होना चाहिए। चाइनामैन गेंदबाज ने हालांकि विराट कोहली को कप्तान बनाए रखने की पैरवी की है। उन्होंने कहा, कोहली जब कप्तान होते हैं तो वह बल्लेबाजी अच्छी करते हैं। मुझे लगता है कि अगर आप उन्हें हटा दोगे तो इससे भारतीय टीम के कल्चर पर प्रभाव पड़ेगा। इससे कोहली की बल्लेबाजी पर भी प्रभाव पड़ सकता है। वह नहीं चाहते कि ऐसा होए लेकिन ऐसा होगा।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एडिलेड में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में मिली हार के बाद कोहली अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट आए थे। बाकी के तीन मैचों में अजिंक्य रहाणे ने टीम की कप्तानी की थी और टीम को ऐतिहासिक सीरीज जिताई। इसके बाद से इस बात की चर्चा जोरों पर है कि कोहली के स्थान पर रहाणे को टीम का कप्तान बनाया जाए।

Published on: