
Rising Stars Asia Cup 2026: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे स्टार बल्लेबाजों के होते हुए भारतीय टीम रविवार को राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 के महत्वपूर्ण मुकाबले में पाकिस्तान से हार गई। इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर 313 रन बनाए। जवाब में भारत ए की टीम सिर्फ 265 रन पर ढेर हो गई। 48 रन से यह मुकाबला जीतकर पाकिस्तान ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। हालांकि, 10 दिन बाद ही ऐसा संयोग बन रहा है, जहां भारतीय टीम चैंपियन बनती नजर आ रही है।
टीम इंडिया को ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला UAE से खेलना है। टीम इंडिया को अंतिम 4 में पहुंचने के लिए UAE को हराना होगा। हालांकि, रेस में नेपाल की टीम भी शामिल है और अगर पाकिस्तान के खिलाफ वह बड़ी जीत हासिल कर लेती है तो टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लेकिन इस दौरान उसे टीम इंडिया के नेट रनरेट से आगे निकलना होगा, जो मुश्किल लग रहा है। 10 दिन पहले अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।
उस टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में भी भारतीय टीम पाकिस्तान से हार गई थी। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में अंडर-19 टीम इंडिया ने नेपाल को हराया था। राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भी भारतीय टीम ने नेपाल को हराया। दोनों टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीमों को हार का सामना करना पड़ा और दोनों जगह सामने पाकिस्तान की टीम थी। अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया ने अपने तीसरे मुकाबले में UAE को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर अंतिम 4 में अफगानिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
यहां भी भारतीय टीम का सामना ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में UAE से होगा। टीम इंडिया जीतती है तो उसका सेमीफाइनल टिकट कंफर्म हो सकता है। UAE ने अब तक दोनों मैच गंवाए हैं और उसके अगले दौर में जाने की संभावनाएं बहुत कम बची हैं। ग्रुप A का समीकरण साफ हो चुका है। श्रीलंका और बांग्लादेश ने अपने दोनों मैच जीतकर अंतिम 4 में जगह बना ली है, जबकि अफगानिस्तान और हांगकांग की टीमें बाहर हो चुकी हैं। इस टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 26 नवंबर और दूसरा सेमीफाइनल 27 नवंबर को होगा, जबकि फाइनल मैच 29 नवंबर को खेला जाएगा।