
Nepal vs Pakistan A Highlights: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के ग्रुप स्टेज के मुकाबले खत्म हो चुके हैं, जिससे अब सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पहला सेमीफाइनल मुकाबला 26 नवंबर को खेला जाएगा, जहां श्रीलंका का सामना भारतीय टीम (India A vs Sri Lanka A) से होगा। वहीं, दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ए की टक्कर पाकिस्तान ए (Bangladesh A vs Pakistan A) से होगी और यह मैच 27 नवंबर को खेला जाएगा।
मंगलवार को पाकिस्तान ए ने नेपाल को 96 रन से रौंद दिया और ग्रुप बी में भारतीय टीम को पछाड़कर फिर से नंबर वन बन गया। पहले स्थान पर रहते हुए पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में एंट्री मार ली है और अब वह बांग्लादेश से फाइनल के लिए मुकाबला करेगा। वहीं, भारतीय टीम की टक्कर श्रीलंका ए से होगी, जिसने अपने ग्रुप के तीनों मुकाबले जीते थे। ग्रुप ए में जहां श्रीलंका ने अपने तीनों मुकाबले जीते, वहीं ग्रुप बी में पाकिस्तान की टीम अव्वल रही।
मंगलवार को राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 के 12वें मुकाबले में नेपाल की टक्कर पाकिस्तान ए की टीम से हुई। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ए की टीम 42 ओवर में 168 रन पर ढेर हो गई। रोहेल नजीर ने 64 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, तो वहीं हसन नवाज ने 28 रन बनाए। नेपाल की ओर से राशिद खान ने 5 विकेट चटकाए, तो अविशेष गौतम ने दो विकेट हासिल किए। संदीप लामिछाने और कुशल भुर्तेल को भी एक-एक सफलताएं मिली।
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पांच रन पर पहला विकेट गंवाने वाली नेपाल की आधी टीम 31 रन पर ढेर हो गई। सलामी बल्लेबाज मायन यादव ने एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। मायन ने 10 बल्लेबाजों के साथ साझेदारी की लेकिन आखिरी में वह खुद आउट हुए और नेपाल की पूरी टीम 72 रन तक पहुंचते-पहुंचते ढेर हो गई। नेपाल के छह बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। मोहम्मद हसनैन और सुफियान मुकीम को तीन-तीन सफलताएं मिलीं, तो मोहम्मद इमरान ने दो और माज सदाकत ने एक विकेट हासिल किया।