क्रिकेट

आखिर यशस्वी जायसवाल ने NOC लेने के बाद भी क्यों नहीं छोड़ी मुंबई? अब हुआ खुलासा

यशस्वी जायसवाल ने मुंबई की टीम छोड़कर गोवा से घरेलू क्रिकेट खेलने का मन बना लिया था। लेकिन अचानक ऐसा क्‍या हुआ कि उन्‍होंने NOC लेने के बाद भी मुंबई से खेलने का फैसला किया। इसका खुलासा अब एक रिपोर्ट में हुआ है।

less than 1 minute read
Aug 07, 2025
भारतीय सलामी बल्‍लेबाज यशस्‍वी जायसवाल और रोहित शर्मा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

यशस्वी जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में मुंबई छोड़ गोवा के लिए खेलने का पूरा मन बना लिया था। इसके लिए उन्‍होंने एमसीए से एनओसी भी ले ली थी। लेकिन यशस्‍वी ने अचानक अपने फैसले से यू टर्न लेते हुए मुंबई से ही खेलने का फैसला किया। अब खुलासा हुआ है कि जायसवाल को इसके लिए पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मनाया था। ये दावा एक रिपोर्ट में किया गया है।

सामने आई ये रिपोर्ट

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा ने ही जायसवाल को अपने करियर के इस मोड़ पर मुंबई में ही रहने के लिए मनाया था। यशस्‍वी ने कथित तौर पर हिटमैन की सलाह मानने और मुंबई के लिए खेलना जारी रखने के अपने फैसले की जानकारी दी। एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने प्रकाशन को बताया कि जायसवाल द्वारा गोवा जाने के लिए एनओसी वापस लेने के अनुरोध को इसके बाद एमसीए ने स्‍वीकार कर लिया।

मुंबई क्रिकेट की वजह से ही वह यहां तक पहुंचा

रिपोर्ट में एमसीए अध्यक्ष के हवाले से कहा गया है कि रोहित ने यशस्वी को समझाया कि मुंबई के लिए खेलना गर्व और प्रतिष्ठा की बात है, जिसने रिकॉर्ड 42 बार रणजी ट्रॉफी जीती है। रोहित ने कहा कि उसे कभी नहीं भूलना चाहिए कि मुंबई क्रिकेट की वजह से ही उसकी प्रतिभा निखरी और देश के लिए खेलने का मौका मिला। उसने यहीं के मैदानों में क्रिकेट खेलना शुरू किया और फिर मुंबई की सभी आयु वर्ग की टीमों के लिए चुना गया।

यशस्‍वी का प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड

बता दें कि 23 वर्षीय जायसवाल अपने अंडर-19 दिनों से ही मुंबई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 2019 में टीम के लिए प्रथम श्रेणी में डेब्‍यू किया और तब से एक प्रभावशाली घरेलू रिकॉर्ड बनाया है। कुल प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यशस्‍वी 60.85 की औसत से 3,712 रन बनाए हैं।

Also Read
View All

अगली खबर