
Rohit Sharma spoke about some of the most special moment: भारतीय क्रिकेट में अपनी शानदार बल्लेबाजी और कप्तानी से खास पहचान बनाने वाले रोहित शर्मा के करियर में कई यादगार पल रहे हैं। इन उपलब्धियों के पीछे उनके परिवार का साथ और माता-पिता का आशीर्वाद भी रहा है। हर खिलाड़ी की तरह रोहित के लिए भी मैदान पर मिली कामयाबी से बढ़कर परिवार के चेहरे पर खुशी देखना खास है। हाल ही में उन्होंने अपने जीवन से जुड़े कुछ ऐसे ही खास पलों को याद किया और बताया कि उनके लिए परिवार का गर्व और प्यार कितना मायने रखता है।
'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' कार्यक्रम में कंटेस्टेंट जस्मी ने उनसे पूछा कि उनके जीवन का कौन-सा पल उनके माता-पिता के लिए सबसे ज्यादा गर्व का रहा। इस पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भारतीय टीम में अपने पहले चयन का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उस समय वह बेंगलुरु में एक कैंप में हिस्सा ले रहे थे। उन्हें पता था कि टीम का चयन होने वाला है। ऐसे में वह अपने फोन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
रोहित शर्मा ने कहा, 'मैंने अभ्यास खत्म किया और होटल पहुंच गया। मेरी नजर लगातार फोन पर थी। मुझे उम्मीद थी कि चयन की अच्छी खबर देने के लिए कॉल आएगा। दोपहर हो गई थी। मुझे नींद भी नहीं आ रही थी। मैं एक-दो घंटे तक फोन के पास ही बैठा रहा। फिर शाम करीब पांच बजे फोन बजा। मैंने घंटी पूरी होने से पहले ही कॉल उठा लिया। दूसरी तरफ क्रिकेट बोर्ड से फोन था। उन्होंने मुझे भारतीय टीम में चयन की जानकारी दी।'
यह खबर सुनते ही रोहित खुशी से झूम उठे। उन्होंने बताया कि वह बिस्तर से उछल पड़े थे और खुशी में इधर-उधर दौड़ने लगे थे। कुछ देर बाद उन्होंने अपने माता-पिता को यह खुशखबरी दी। रोहित के मुताबिक, उनके माता-पिता यह सुनकर बेहद खुश और भावुक थे। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे गर्व भरा पल बताया।
रोहित ने दूसरा खास मौका वानखेड़े स्टेडियम में अपने नाम पर स्टैंड बनाए जाने को बताया। उन्होंने कहा कि बचपन में वह सोचते थे कि कभी इस मैदान पर खेलने का मौका मिलेगा या नहीं। लेकिन सालों बाद इसी स्टेडियम में उनके नाम का स्टैंड बनाया गया। इस समारोह में उनके माता-पिता भी मौजूद थे। रोहित शर्मा ने बताया कि उनके पिता इतने भावुक थे कि उस दिन उनसे कुछ नहीं बोले। अगले दिन उन्होंने अपनी भावनाएं साझा कीं।
रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद वानखेड़े लौटने के पल को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय मां से मिलकर उन्हें बहुत खुशी हुई थी। ये सभी पल उनके माता-पिता के लिए बेहद गर्व भरे रहे हैं।