
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा। (Photo- IANS)
Asia Cup Rising Stars 2026: एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए अपने अभियान का आगाज 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इस टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह और अभिषेक शर्मा जैसे कई प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तिलक वर्मा टीम की कमान संभालेंगे। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इस टूर्नामेंट में आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे। उन्होंने अंडर-19 और भारत-ए की ओर से खेलते हुए अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है। इसी साल जून में आयोजित ट्राई-सीरीज में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। फाइनल मुकाबले में श्रीलंका-ए के खिलाफ वैभव ने महज 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली थी। उनकी इस पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। वहीं, वैभव सूर्यवंशी को जारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की टीम की कप्तानी करने का मौका भी मिला है। ऐसे में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहेंगी।
दूसरी ओर, नेपाल की कप्तानी अनुभवी लेग स्पिनर संदीप लामिछाने करेंगे। नेपाली टीम अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं के दम पर भारत-ए को कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। नेपाल के पास भारत-ए जैसी मजबूत टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा मौका होगा। वहीं, भारतीय टीम भी नेपाल को हल्के में लेने की गलती नहीं करना चाहेगी। किसी भी तरह की लापरवाही टीम पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में भारत-ए की कोशिश जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने की होगी।
मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का चौथा मुकाबला शुक्रवार, 20 नवंबर को भारत-ए और नेपाल के बीच खेला जाएगा। यह मैच कतर की राजधानी दोहा स्थित वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।
भारत-ए टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे, अरशद खान, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और आयुष बदोनी।
नेपाल टीम: संदीप लामिछाने (कप्तान), लोकेश बम, बसीर अहमद, पवन सर्राफ, ललित राजबंशी, कुशल भुर्तेल, सोमपाल कामी, अर्जुन कुमाल, नंदन यादव, दीपक डुमरे, संदीप जोरा, अभिषेक गौतम, ईशान पांडे, राशिद खान और देव खनाल।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल




