क्रिकेट

रोहित-कोहली का दिखा WWE वाला अंदाज, ग्लेन फिलिप्स के सामने किया सेलिब्रेशन; वीडियो वायरल

Virat Kohli and Rohit Sharma: भारत-न्यूजीलैंड दूसरे वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ग्लेन फिलिप्स के सामने जॉन सीना के 'यू कांट सी मी' अंदाज में जश्न मनाया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 12:33 PM IST
New Zealand vs India 2nd ODI
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और रोहित शर्मा। (Photo- IANS)

NZ vs IND 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला वेलिंगटन में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही ग्लेन फिलिप्स के सामने जॉन सीना के मशहूर 'यू कांट सी मी' (You Can't See Me) जेस्चर के साथ किया गया सेलिब्रेशन भी खूब वायरल हो रहा है।

दरअसल, न्यूजीलैंड की टीम ने 19 ओवर में 53 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे और वह संघर्ष कर रही थी। उस समय डेरिल मिचेल और टॉम लैथम क्रीज पर मौजूद थे। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 20वें ओवर में गेंद गुरनूर बराड़ को थमाई। गुरनूर बराड़ ने पहली गेंद टॉम लैथम को फेंकी, जिस पर कोई रन नहीं बना। दूसरी गेंद पर उन्होंने टॉम लैथम को नमन धीर के हाथों कैच आउट करा दिया।

इसके बाद ग्लेन फिलिप्स बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने स्ट्राइक पर रहते हुए 19वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद का सामना किया। गुरनूर बराड़ की इन दोनों गेंदों पर वह कोई रन नहीं बना सके। चौथी गेंद पर वह पूरी तरह बीट हो गए। इसके बाद स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने जॉन सीना के मशहूर 'यू कांट सी मी' जेस्चर के साथ जश्न मनाया। विराट कोहली ने भी रोहित शर्मा के साथ इस अंदाज में सेलिब्रेशन किया। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। रोहित और विराट कोहली के इस सेलिब्रेशन की चर्चा कमेंटेटरों ने भी की।

पहले वनडे में भी विराट कोहली ने किया था ट्रोल

विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में भी जॉन सीना के मशहूर 'यू कांट सी मी' जेस्चर के जरिए ग्लेन फिलिप्स को ट्रोल करते नजर आए थे। विराट कोहली का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

ग्लेन फिलिप्स बिना खाता खोले हुए आउट

न्यूजीलैंड के स्टार क्रिकेटर ग्लेन फिलिप्स पहले वनडे मैच में 30 रन बनाकर आउट हुए थे, जबकि दूसरे वनडे मैच में वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर अंशुल कंबोज के हाथों कैच आउट कराया।

दूसरे वनडे में 134 रन पर ऑलआउट हुई न्यूजीलैंड की टीम

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मैच बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ। इसके चलते मुकाबले को 47-47 ओवर का कर दिया गया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 41 ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई।

न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने 101 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाए। वहीं, कप्तान मिचेल सैंटनर ने 31 रन की पारी खेली, जबकि हेनरी निकोलस ने 11 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से गुरनूर बराड़ ने सर्वाधिक चार विकेट लिए, जबकि आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए।

Updated on:
7 Nov 2026, 12:33 PM IST
Published on: