RCB vs KKR: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा यह मैच लगातार बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण 7.30 बजे शुरू नहीं हो सका।
Royal Challengers Bengaluru vs Kolkata Knight IPL 2026:इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 57वें मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने हैं। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा यह मैच लगातार बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण 7.30 बजे शुरू नहीं हो सका।
शाम 4:30 बजे, बारिश के कारण लगभग 30 मिनट तक पूरा मैदान ढका रहा। शाम 6:15 बजे के आसपास हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। कुछ देर के लिए पिच का हिस्सा खुला था, लेकिन अब पूरा मैदान फिर से ढक दिया गया है, और कवर्स के ऊपर सुपर सोपर मशीनें चल रही हैं।
शाम 6:35 बजे फिर से बारिश तेज हो गई, इसके साथ में बिजली भी कड़कने लगी। हालांकि, बारिश टॉस के तय समय (7 बजे) से 5 मिनट पहले बारिश रुक गई थी, जिसके बाद ऑन-फील्ड अंपायर रोहन पंडित और नितिन मेनन ने चौथे अंपायर कौशिक गांधी के साथ मिलकर मैदान का मुआयना किया। ग्राउंड स्टाफ सावधानी से उन कवर्स को हटा रहे थे, जिन पर पानी जमा हो गया था। मैदान सुखाने के बाद भारतीय समय अनुसार 8.30 बजे टॉस हुआ और पहली गेंद 8.45 पर फेंकी गई।
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम की पिच शुरुआती ओवरों में अच्छी बाउंस और पेस प्रदान करती है, जिससे पावरप्ले में बल्लेबाज खुलकर आक्रमक खेल सकते हैं। यह भारत के सबसे बड़े मैदानों में से एक है, इसलिए यहां बड़ी बाउंड्रियों के कारण छक्के लगाना आसान नहीं होता। सटीक टाइमिंग और प्लेसमेंट यहां ज्यादा अहमियत रखते हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की अच्छी संभावना है, जबकि मध्य ओवरों में स्पिनर्स को ग्रिप और टर्न मिल सकता है। शाम को पड़ने वाली ड्यू बल्लेबाजी करने वाली टीम को खास फायदा दे सकती है। टी20 मैचों में इस स्टेडियम में औसत स्कोर 175 से 190 के बीच रहा है।
मौजूदा चैंपियन आरसीबी इस सीजन 11 में से 7 मैच जीतकर 14 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर मौजूद है। यह टीम पिछले 3 में से 1 मुकाबला अपने नाम कर सकी है। हालांकि, मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2 विकेट से जीत ने टीम के मनोबल को बढ़ाया है। प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर मौजूद आरसीबी इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने का लक्ष्य रखेगी।
दूसरी तरफ, केकेआर को सीजन के शुरुआती दौर में संघर्ष करना पड़ा। यह टीम शुरुआती 6 में से एक भी मैच अपने नाम नहीं कर सकी थी। प्वाइंट्स टेबल में निचले पायदान के करीब रहने के बाद, केकेआर ने लगातार चार जीत के साथ जोरदार वापसी की है और अब वे टॉप-चार में जगह बनाने के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे हैं। केकेआर 10 में से 4 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर मौजूद है। इस टीम के पास 9 अंक हैं।
अगर रायपुर का यह मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक प्वाइंट मिलेगा। इसका मतलब यह होगा कि आरसीबी 12 मैचों से 15 प्वाइंट्स पर पहुंच जाएगी और प्वाइंट्स टेबल में दूसरा स्थान बरकरार रखेगी। केकेआर के लिए यह झटका होगा, क्योंकि 11 मैचों के बाद उनके प्वाइंट्स की संख्या 10 ही रह जाएगी।