
नजमुल हुसैन शांतो (Photo - IANS)
ICC Test Rankings Update: बांग्लादेश ने ढाका में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 104 रनों से हराकर इतिहास रच दिया, जो उनके घर में पाकिस्तान के खिलाफ पहली टेस्ट जीत थी। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन का सीधा फायदा बांग्लादेशी बल्लेबाजों को आईसीसी (ICC) की ताजा टेस्ट रैंकिंग में मिला है। टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो इस जीत के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे। पहली पारी में शानदार शतक और दूसरी पारी में 87 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलने के बाद शांतो ने रैंकिंग में 16 पायदान की लंबी छलांग लगाई है और अब वह 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
शानदार जीत के साथ-साथ टीम के अन्य अनुभवी बल्लेबाजों ने भी अपनी स्थिति मजबूत की है। विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने मैच में 71 और 22 रनों का योगदान दिया, जिसके कारण वह 2 पायदान ऊपर चढ़कर अब 26वें स्थान पर आ गए हैं। वहीं, मध्यक्रम के बल्लेबाज मोमिनुल हक ने भी अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। उन्होंने 91 और 56 रनों की पारियां खेलकर रैंकिंग में 12 पायदान का सुधार किया है और अब वह दुनिया के 35वें नंबर के टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। वर्तमान में पाकिस्तान और बांग्लादेश के अलावा कोई अन्य टेस्ट सीरीज नहीं खेली जा रही है, यही वजह है कि टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष-10 में कोई बड़ा उलटफेर देखने को नहीं मिला है।
टेस्ट बल्लेबाजी की दुनिया में इंग्लैंड के जो रूट अभी भी पहले स्थान पर काबिज हैं, जबकि हैरी ब्रूक दूसरे और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। टॉप-10 में भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल आठवें और शुभमन गिल नौवें पायदान पर मौजूद हैं। गेंदबाजी की बात करें तो भारत के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह का दबदबा बरकरार है और वह दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बने हुए हैं। उनके बाद मिचेल स्टार्क और मैट हेनरी क्रमश, दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान के नोमान अली पांचवें स्थान पर अपनी जगह सुरक्षित रखने में सफल रहे हैं।
Published on:
13 May 2026 06:25 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
