13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RCB vs KKR: लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट होने से बचना चाहेंगे विराट कोहली, इस खिलाड़ी के नाम है लगातार चार ‘डक’ का रिकॉर्ड

RCB vs KKR: विराट कोहली पिछले दो मुकाबलों में लगातार जीरो पर आउट हुए हैं। ऐसे में क्या वे आज केकेआर के खिलाफ तीसरे डक पर आउट होने से बच पाएंगे?

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

May 13, 2026

virat kohli ipl 2026 unwanted record

रायपुर में 0 पर आउट होकर लौटते हुए विराट कोहली (फोटो- IANS)

Virat Kohli consecutive ducks in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व कप्तान विराट कोहली शानदार फॉर्म में दिख रहे थे, लेकिन पिछले दो मुकाबलों में उनका बल्ला अचानक खामोश हो गया है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ कोहली दो गेंद खेलकर शून्य पर आउट हुए, वहीं मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए।

क्या तीसरे डक से बच पाएंगे कोहली?

अब सवाल यह है कि आज रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में कोहली तीसरे डक से बच पाएंगे या नहीं? दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब विराट आईपीएल में लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट हुए हों। आईपीएल 2022 में भी वे लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ लगातार दो बार जीरो पर आउट हो चुके हैं।

हर्शेल गिब्स के नाम है शर्मनाक रिकॉर्ड

आईपीएल के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा डक पर आउट होने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज हर्शेल गिब्स के नाम है। उन्होंने आईपीएल 2009 में लगातार चार मैचों में डक का सामना किया था। उस समय वे डेक्कन चार्जर्स (DC) की ओर से खेल रहे थे और उसी सीजन में डेक्कन चार्जर्स चैंपियन भी बनी थी।

शेन वॉटसन चाहते हैं कोहली जल्द आउट हों

कोलकाता नाइट राइडर्स के असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन चाहते हैं कि कोहली इस मैच में भी शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करें। वॉटसन ने कहा, “हर टीम विराट के खिलाफ खास प्लान बनाती है क्योंकि वे दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं। लेकिन समस्या यह है कि वे उन प्लानों को कैसे काउंटर करते हैं, यह भी वो बेहद अच्छे से जानते हैं।”

वॉटसन ने आगे कहा, “हम उम्मीद कर रहे हैं कि वे पिछले मैचों की तरह शुरुआती ओवरों में बड़े शॉट खेलें, हालांकि यह होने की संभावना कम है क्योंकि विराट बेहद अनुशासित बल्लेबाज हैं। वे असाधारण खिलाड़ी हैं। सबसे अच्छा बनने की उनकी भूख और हर गेंद पर तीव्रता अभी भी पूरी तरह जिंदा है। हमें पहले गेंद से ही सतर्क रहना होगा, क्योंकि वो अकेले मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।”

कोहली इस सीजन बेहतरीन फॉर्म में

दो डकों से पहले विराट ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 13 गेंदों पर 28 रन और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ नाबाद 23 रन की पारी खेली थी। यानी अब वे पिछले चार पारियों से अर्धशतक नहीं जड़ पाए हैं। इस छोटे से खराब दौर से पहले वे इस सीजन ऑरेंज कैप की टॉप-5 में लगातार बने हुए थे।

37 वर्षीय विराट कोहली ने इस सीजन 11 मैचों की 11 पारियों में 42.11 की शानदार औसत से 379 रन बना लिए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 163.36 रहा है। कोहली अब तक तीन अर्धशतक जड़ चुके हैं और उन्होंने 42 चौके तथा 15 छक्के लगाए हैं।