
IPL 2026 का 57वां मुक़ाबला RCB और KKR के बीच खेला जा रहा है (Photo - IPL)
Royal Challengers Bengaluru vs Kolkata Knight IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 57वां मुक़ाबला गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जा रहा है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच का टॉस देरी से हुआ है। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतने के बाद कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मुझे लगता है कि यह वैसी ही विकेट है जिस पर हमने पिछला मैच खेला था। यह उसी तरह से बर्ताव करेगी। हम उन्हें दबाव में रखने की कोशिश करेंगे। मुझे लगता है कि विकेट काफी हद तक एक जैसी हैं। इसमें उछाल अलग-अलग तरह का होगा। सभी का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। हर मैच महत्वपूर्ण होता है, हम अच्छा क्रिकेट खेलने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। शेफर्ड की जगह वेंकी (वेंकटेश अय्यर) टीम में आए हैं।"
वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "पिछले चार मैच हमारे लिए अच्छे रहे हैं। हमें एक समय में एक मैच पर ध्यान देना है। वरुण इस मैच से बाहर हैं, उनकी जगह सौरभ टीम में आए हैं।" लगातार बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण टॉस और मैच शुरू होने के समय में देरी हुई।
रायपुर की पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं रही है। उम्मीद है कि गेंदबाज यहां के हालात का फायदा उठाएंगे, खासकर अब जब बारिश के कारण मैदान में मौजूद नमी एक बड़ा फैक्टर बन गई है। आरसीबी इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेगी। यह टीम फिलहाल 11 में से 7 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर मौजूद है। वहीं, केकेआर 10 में से 5 मुकाबले गंवाकर 8वें पायदान पर है। इस जीत के साथ आरसीबी के पास 16 अंक होंगे और ये टीम प्लेऑफ की टिकट लगभग पक्की कर लेगी।
दरअसल, कल से रायपुर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिसके कारण मैदान और आउटफील्ड पूरी तरह गीला हो गया था। ग्राउंड स्टाफ को इसे सुखाने में काफी समय लगा। इस वजह से मैच में एक घंटे 45 मिनट की देरी हुई है। अच्छी खबर यह है कि ओवरों में कोई कटौती नहीं की गई है और पूरे 20-20 ओवर का मैच खेला जाएगा।
केकेआर: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, मनीष पांडे, रोवमन पॉवेल, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: सौरभ दुबे, रमनदीप सिंह, तेजस्वी सिंह, नवदीप सैनी, टिम सीफर्ट।
आरसीबी: जैकब बेथेल, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, रसिख सलाम, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: देवदत्त पडिक्कल, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, स्वप्निल सिंह, रोमारियो शेफर्ड।
Updated on:
13 May 2026 08:48 pm
Published on:
13 May 2026 08:34 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
