क्रिकेट

SA vs AUS 3rd Test: तीसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका की जीत बदल देगी WTC टेबल, टॉप 3 टीमों पर पड़ेगा असर

World Test Championship: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केप टाउन टेस्ट का नतीजा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में बड़ा बदलाव कर सकता है। जानें साउथ अफ्रीका की जीत, ऑस्ट्रेलिया की जीत या मैच ड्रॉ होने पर न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की स्थिति पर क्या असर पड़ेगा।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 9:47 PM IST
AUS vs SA
साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया (फोटो- FOX Cricket Screenshot)

WTC Table 2025-27: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला केप टाउन के न्यूलैंड्स में खेला जा रहा है, जहां ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के 329 रन के स्कोर को पार कर लिया है। साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मार्क्स एकरमैन के 95 और मार्को यानसेन की आखिर में 52 रनों की शानदार पारी की बदौलत 329 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 4 विकेट खोकर 330 रन बना लिए हैं और अब बढ़त के लिए खेल रही है। उसके अभी भी 6 बल्लेबाज बाकी हैं।

ड्रॉ होने पर बदल जाएंगी अंक तालिका

हालांकि, जिस तरह दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने गेम पलटा था, उसे देखते हुए इस मुकाबले में जीत का दावेदार किसी एक टीम को बताना मुश्किल है। ऐसे में चलिए जानते हैं कि मैच के परिणाम के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में शीर्ष 3 टीमों की स्थिति पर क्या असर पडे़गा।

फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की टीम 75 जीत प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड 72 जीत प्रतिशत के साथ दूसरे और साउथ अफ्रीका 66.67 जीत प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। बांग्लादेश चौथे और भारतीय टीम पांचवें स्थान पर है।

अगर केप टाउन में खेले जा रहे टेस्ट को साउथ अफ्रीका जीत लेती है, तो न्यूजीलैंड को सबसे ज्यादा फायदा होगा और वह पहले स्थान पर पहुंच जाएगी, हालांकि उसका जीत प्रतिशत नहीं बदलेगा। वहीं, साउथ अफ्रीका का जीत प्रतिशत 71.43 हो जाएगा और वह दूसरे स्थान पर आ जाएगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर खिसक जाएगी और उसका जीत प्रतिशत घटकर 69.30 हो जाएगा।

अगर ऑस्ट्रेलिया जीती तो क्या

लेकिन अगर इस मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया जीतती है, तो उसका जीत प्रतिशत और मजबूत होकर 76.92 हो जाएगा, जबकि न्यूजीलैंड 72.22 जीत प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहेगी। साउथ अफ्रीका को जीत प्रतिशत में नुकसान होगा, लेकिन वह तीसरे स्थान पर बनी रहेगी। वहीं, अगर यह मैच ड्रॉ होता है, तो ऑस्ट्रेलिया को नुकसान होगा और न्यूजीलैंड पहले स्थान पर पहुंच जाएगी, जबकि साउथ अफ्रीका तीसरे स्थान पर ही रहेगी।

आपको बता दें कि इस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के साथ 4 टेस्ट मैचों की सीरीज और फिर भारत के साथ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। वहीं, साउथ अफ्रीका को फरवरी 2027 में श्रीलंका के साथ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। उससे पहले उसे इंग्लैंड के साथ 3 और बांग्लादेश के साथ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। साउथ अफ्रीका ने अब तक सिर्फ 7 मैच खेले हैं और 4 में जीत हासिल की है।

Updated on:
28 Oct 2026, 9:47 PM IST
Published on: