क्रिकेट

SA vs WI Champions: साउथ अफ्रीका ने वेस्‍टइंडीज को 97 से हराया, क्रिस गेल का तूफानी अर्धशतक गया बेकार

SA Champions vs WI Champions: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का तीसरा मुकाबला रविवार को शारजाह में साउथ अफ्रीका और वेस्‍टइंडीज के बीच खेला गया। इस मैच में प्रोटियाज टीम ने 97 रन के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की है।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
SA Champions vs WI Champions
साउथ अफ्रीका बनाम वेस्‍टइंडीज मैच का नजारा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/WclLeague)

South Africa Champions vs West Indies Champions Highlights: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ 97 रन से शानदार जीत दर्ज की है। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए रिचर्ड लेवी के 39 गेंदों पर 87 रन और एबी डिविलयर्स के 39 गेंदों 70 रन की बदौलत स्‍कोर बोर्ड पर 242 रन लगाए। इसके जवाब में वेस्‍टइंडीज की टीम क्रिस गेल के विस्‍फोटक अर्धशतक के बावजूद 18.2 ओवर में 145 रन पर ही सिमट गई। साउथ अफ्रीका की ओर से इमरान ताहिर और आरोन फांगिसो ने तीन-तीन विकेट लिए।

रिचर्ड लेवी और एबी डिविलियर्स ने जड़े अर्धशतक

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका ने पांच विकेट के नुकसान पर 242 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए थे। ओपनर फाफ डु प्‍लेसिस 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए रिचर्ड लेवी और एबी डिविलियर्स के बीच 42 गेंदों पर 104 रन की पार्टनरशिप हुई। रिचर्ड 39 गेंदों पर 87 रन की धमाकेदार पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद उसका तीसरा विकेट 146 के स्‍कोर पर कोलिन इंग्राम (7) के रूप में गिरा।

साउथ अफ्रीका ने वेस्‍टइंडीज के सामने रखा 243 रन का विशाल लक्ष्‍य

चौथा विकेट 16.2 ओवर में 208 के स्‍कोर पर सारेल एर्वी (23) रन बनाकर आउट हुए। फिर एबी डिविलियस 39 गेंदों पर 70 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह प्रोटियाज टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच खोकर 242 रन बनाते हुए 243 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा। वहीं, वेस्‍टइंडीज की ओर से डेव मोहम्‍मद ने सर्वाधिक दो विकेट, तो फिडेल एडवड्र्स, रयाद एमरिट और ड्वेन ब्रावो ने एक-एक विकेट लिया।

8 बल्‍लेबाज नहीं छू सके दहाई का आंकड़ा

243 रन के विशाल लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी वेस्‍टइंडीज के लिए क्रिस गेल ने 31 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और पांच छक्‍कों की मदद से 60 रन, कार्लोस ब्रेथवेट ने 13 गेंदों पर 29 रन और रयाद एमरिट ने 12 गेंदों पर 14 रन की पारी खेली। इनके अलावा अन्‍य 8 बल्‍लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। वहीं, साउथ अफ्रीका की ओर से इमरान ताहिर और आरोन फांगिसो ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।