IPL 2025: गुजरात ने एक समय मात्र 12 ओवर में बिना कोई विकेट गवाए 120 रन ठोक दिये थे। लेकिन साई सुदर्शन और शुभमन गिल के आउट होने की रनों की गति रुक गई और टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 180 रन ही बना सकी।
Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans, IPL 2025: सलामी बल्लेबाज़ साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत गुजरात टाइटंस (GT) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 26वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा है।
लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में गुजरात की शुरुआत तूफानी रही। टीम ने एक समय मात्र 12 ओवर में बिना कोई विकेट गवाए 120 रन ठोक दिये थे। लेकिन साई सुदर्शन और शुभमन गिल के आउट होने की रनों की गति रुक गई और टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 180 रन ही बना सकी। सुदर्शन ने 37 गेंद पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए। वहीं गिल ने 38 गेंद पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 60 रनों की पारी खेली।
इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया। गुजरात टाइटंस ने आखिरी 8 ओवर में छह विकेट खोते हुए मात्र 60 रन बनाए। लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और रवि बिश्नोई ने दो - दो विकेट झटके। दिग्वेश सिंह राठी और आवेश खान ने एक - एक विकेट लिया।
गुजरात को पहला झटका 120 रनों के स्कोर पर लगा, जब आवेश खान की गेंद पर शुभमन गिल ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया और बाउंड्री लाइन पर खड़े एडेन मार्करम ने शानदार कैच लपकते हुए उनकी पारी का अंत कर दिया। गिल ने 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था और अच्छी लय में नजर आ रहे थे।
इसके बाद रवि बिश्नोई ने साई सुदर्शन को आउट कर लखनऊ को दूसरी सफलता दिलाई। सुदर्शन भी अच्छी लय में थे और अर्धशतक पूरा कर चुके थे। वे 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बिश्नोई ने ही वाशिंगटन सुंदर को भी आउट कर गुजरात को तीसरा झटका दिया। वाशिंगटन केवल 2 रन बनाकर आउट हुए। इस प्रकार गुजरात ने मात्र 6 रन के अंतराल में गिल, सुदर्शन और वाशिंगटन के विकेट गंवा दिए।
गुजरात को चौथा झटका जोस बटलर के रूप में लगा। वे दिग्वेश राठी की गेंद पर आउट हुए और 14 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 16 रन ही बना सके। पारी के अंतिम ओवर में शार्दुल ठाकुर ने गुजरात को दोहरा झटका दिया। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर रदरफोर्ड को आउट किया और चौथी गेंद पर राहुल तेवतिया को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।