
नई दिल्ली। भारत के प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी इन दिनों नेपाल दौरे पर हैं इसी बीच नेपालियों को एक बड़ी सौगात आईपीएल से भी मिली। इस साल आईपीएल नीलामी में नेपाल के एकमात्र खिलाड़ी संदीप लामिछाने को दिल्ली ने खरीदा था। संदीप को अब तक कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था लेकिन अब जब दिल्ली प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गया है तो बेंच में बैठे खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला। शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच खेले जा रहे मैच में संदीप ने अपना आईपीएल डेब्यू किया।
डाला और लामिछाने का डेब्यू
दिल्ली के फिरोज शाह कोटला में खेले जा रहे इस मैच में संदीप के अलावा दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज जूनियर डाला आईपीएल में अपना आईपीएल पदार्पण किया है। संदीप नेपाल के इतिहास में आईपीएल खेलने वाले पहले खिलाड़ी हैं। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में चहल ने अच्छे फॉर्म में चल रहे पृथ्वी शॉ को चलता किया। शॉ के साथ बल्लेबाजी करने उतरे जेसन रॉय भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और उन्हें भी चहल ने बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। खबर लिखे जाने तक दिल्ली ने 1 विकेट के नुकसान पर 14 ओवर में 114 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर बल्लेबाज विजय शंकर (1) और कप्तान श्रेयस अय्यर (31) रन बना कर खेल रहे हैं।
माइकल क्लार्क का बहुत प्रभाव रहा संदीप पर
बता दें ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज और पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने संदीप की एक क्रिकेटर के रूप बहुत मदद की है। संदीप ने एक बार कहा था माइकल क्लार्क का मुझ पर एक क्रिकेटर के तौर पर बहुत प्रभाव रहा है। जब से उन्होंने मुझे हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में गेंदबाजी करते हुए देखा तब से उन्होंने हमेशा मुझ पर निगाह रखी। वह बेहद विनम्र स्वभाव के व्यक्ति हैं जिन्होंने एक क्रिकेटर और व्यक्ति के रूप में मेरे विकास में मदद की।’ दिल्ली ने संदीप को 20 लाख रूपये में खरीदा।
बैंगलौर कर सकता है क्वालीफाई
बैंगलौर ने लीग में अब तक खेले गए 10 मैचों में से तीन में जीत हासिल की है जबकि उसे सात मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दिल्ली ने भी 10 में से तीन जीते हैं और छह हारे हैं। बेंगलोर ने अपने अंतिम एकादश में एक बदलाव किया है और मनन वोहरा की जगह सरफराज खान को शामिल किया है। दिल्ली ने इस मैच में तीन बदलाव किए हैं। लामिछाने को ग्लेन मैक्सवेल की जगह और जूनियर डाला को लियाम प्लंकट की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
दिल्ली प्लेऑफ की दौड़ से बाहर
दिल्ली की टीम प्लेआफ की दौड़ से पहले ही लगभग बाहर हो चुकी है। वहीं बैंगलौर को अभी चार मैच खेलने हैं और अगर वह चारों में जीत हासिल कर लेती है तो प्लेऑफ में जाने की उसकी संभावनाएं बन सकती हैं, लेकिन इसके लिए उसे अपने सभी मैचों में जीत के साथ दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना होगा। दिल्ली ने बैंगलौर से अब तक छह मैच जीते हैं वहीं बैंगलौर ने दिल्ली को 13 बार हराया है।
टीम -
दिल्ली डेयरडेविल्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), जेसन रॉय, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, विजय शंकर, संदीप लामिछाने, हर्षल पटेल, अमित मिश्रा, जूनियर डाला और ट्रैंट बाउल्ट।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर : विराट कोहली (कप्तान), पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), मोइन अली, अब्राहम डिविलियर्स, मंदीप सिंह, कोलिन डी ग्रैंडहोमे, सरफराज खान, टिम साउथी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल।