
Musheer Khan in Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में तीसरे चरण के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इसी क्रम में मुंबई और हरियाणा के बीच मुकाबला मुंबई के बीकेसी ग्राउंड में खेला जा रहा है, जिसमें सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने बल्ले से शतक के बाद गेंद से भी कमाल का प्रदर्शन किया है। मुंबई के लिए जहां मुशीर ने 185 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्के की मदद से 109 रन की पारी खेली, वहीं, अब गेंद से कमाल का प्रदर्शन करते हुए अकेले ही आधी टीम को पवेलियन भेज दिया है। मुंबई ने अपनी पहली पारी में 130 ओवर खेलते हुए 430 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए थे। वहीं, हरियाणा अपनी पहली पारी में तीसरे दिन चाय काल तक 75.4 ओवर में 191 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा चुका है। दिलचस्प बात ये है कि ये सभी विकेट मुशीर ने लिए हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने मुशीर खान और अंगकृष रघुवंशी के शतकों के दम पर अपनी पहली पारी में 430 रन स्कोर बोर्ड लगाए। मुशीर खान ने 185 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और एक छक्के की मदद से 109 रन बनाए। वहीं, अंगकृष रघुवंशी ने 180 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्के की मदद से 114 रन की पारी खेली।
जबकि तनुष कोटियान ने 96 गेंदों पर चार चौके की सहायता से 52 रन बनाए। वहीं हरियाणा की ओर से सामंत जाखड़ ने सबसे ज्यादा तीन विकेट, तो वहीं अमन कुमार और पार्थ वत्स ने दो-दो विकेट हासिल किए।
हरियाणा को अपनी पहली पारी में अंकित राजेश कुमार और हिमांशु राना ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी हुई। अंकित 70 गेंदों पर 35 रन बनाकर मुशीर खान का पहला शिकार बने। इसके बाद हरियाणा का स्कोर 65 पर ही पहुंचा था कि मुशीर ने हिमांशु को भी अपने जाल में फंसा लिया। वह 81 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद तीसरे विकेट के लिए निशांत सिंधु और धीरू सिंह के बीच 94 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को भी मुशीर ने तोड़ते हुए धीरू को अपना तीसरा शिकार बनाया। इसके बाद मुशीर ने यशवर्धन दलाल और पार्थ वस्त के विकेट लेकर अपना पांच विकेट हाल पूरा किया। लंच तक तक हरियाणा की टीम 191 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा चुकी थी और ये सभी विकेट मुशीर खान ने ही लिए।