क्रिकेट

पाकिस्तान क्रिकेट में मचा बवाल, T20 प्लेयर्स को टेस्ट टीम में लाने पर भड़के शाहिद अफरीदी का PCB पर तीखा हमला

Shahid Afridi on PCB decision: इंग्‍लैंड दौरे के बीच टेस्‍ट टीम और कोचिंग स्‍टाफ में बड़ा फेरबदल करने बाद पाकिस्‍तान क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है। अब इस मामले में पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर तीखा हमला बोलते हुए इस निर्णय को अब तक सबसे चौंकाने वाला फैसला करार दिया है।
2 min read
Sep 01, 2026
Shahid Afridi on PCB decision
पूर्व पाकिस्‍तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी। ( फाइल फोटो सोर्स: IANS)

Shahid Afridi on PCB decision: इंग्‍लैंड दौरे पर तीन टेस्‍ट मैचों की सीरीज के शुरुआती दो टेस्‍ट हारने के साथ सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्‍तान क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 9 सितंबर से एजबेस्टन में इंग्लिश टीम के खिलाफ शुरू होने वाले तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले कई सीनियर समेत सात खिलाड़ियों को बाहर कर दिया है। उनकी जगह बतौर रिप्लेसमेंट लाए गए प्‍लेयर्स में पांच अनकैप्ड और टी20 क्रिकेटर शामिल हैं। इतना ही नहीं हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल की भी छुट्टी कर दी गई है। इस फैसले को लेकर पीसीबी पर पूर्व क्रिकेटर के तीखे हमले शुरू हो गए हैं। इस लिस्‍ट में शाहिद अफरीदी का नाम भी जुड़ गया है।

'अब तक का सबसे चौंकाने वाला फैसला'

पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टेस्ट टीम और कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करने को लेकर पीसीबी पर तीखा हमला किया है और इसे सिलेक्शन कमिटी का अब तक का सबसे चौंकाने वाला फैसला बताया है। अफरीदी ने लिखा कि पता नहीं इस फैसले के पीछे क्या लॉजिक या वजह है। रिप्लेसमेंट का भी कोई मतलब नहीं बनता है। इंग्लैंड में टेस्ट मैच के लिए टी20 प्लेयर्स को शामिल किया गया है? यह क्या सोच और तरीका है? पांच टेस्ट मैचों के बाद कोच को क्यों हटाया गया? यह सिलेक्शन कमिटी का अब तक का सबसे चौंकाने वाला फैसला है, जिसमें इतने अनुभवी सिलेक्टर्स शामिल हैं।

2 प्‍लेयर्स को बगैर खिलाए भेज दिया घर

बता दें कि रिलीज किए गए सात प्लेयर्स में से पांच मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान और खुर्रम शहजाद सीरीज में खेले थे। आमिर जमाल और मुहम्मद अवैस जफर को बगैर टेस्ट खेले घर भेज दिया गया। पाकिस्तान ने टेस्ट कैप्ड बैट्समैन सैम अयूब और अब्दुल्ला फजल के साथ अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह को टीम में शामिल किया है।

मिस्बाह के इस्तीफे से उथल-पुथल का माहौल

पीसीबी के अजीबो-गरीब फैसले के बाद के सिलेक्शन स्ट्रक्चर में भी उथल-पुथल का माहौल बना हुआ है। जियो न्यूज और क्रिकइन्फो के मुताबिक, पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने नेशनल सिलेक्शन कमिटी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बोर्ड को अपने फैसले से अवगत भी करा दिया है। वह ऑफिशियली पद छोड़ने से पहले नोटिस पीरियड देंगे। क्रिकइन्फो ने बताया कि पीसीबी ने अभी तक उनका इस्‍तीफा मंजूर नहीं किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सिलेक्शन कमिटी का हिस्सा होने के बावजूद मिस्बाह से बड़े बदलावों के बारे में साफ तौर पर सलाह नहीं ली गई।

Updated on:
01 Sept 2026 05:51 pm
Published on:
01 Sept 2026 05:51 pm