पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टी20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों पर 50 लाख पाकिस्तानी रूपये (लगभग 18000 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया है। पीसीबी के इस फैसले की पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने आलोचना की है।
Shahid Afridi Blast Over Pakistan Cricket Board For Fining Players: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद औसत रहा है। टीम सुपर 8 राउंड से ही बाहर हो गई और सेमीफ़ाइनल में जगह नहीं बना पाई। टीम के इस निराशाजनक प्रदर्शन से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) नाराज़ है और उन्होंने खिलाड़ियों पर भारी भरकम जुर्माना लगाने का ऐलान किया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टी20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों पर 50 लाख पाकिस्तानी रूपये (लगभग 18000 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया है। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में सुपर आठ स्टेज के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गया और लगातार चौथी बार आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाया। पाकिस्तान के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।
पीसीबी के इस फैसले की पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने आलोचना की है। अफरीदी ने कहा, "नासमझ आने वाला डिसिशन है, छोटी सोच है, छोटा सोच रहे हैं। 50 लाख में क्या करेंगे। मेरे ख्याल में यह कोई जुर्माना नहीं, जिन्होंने परफॉर्मेंस नहीं किया, उन्हें फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भेजा जाए। कुछ ऐसे भी प्लेयर्स हैं जो मैं समझता हूं 2 साल से पहले पाकिस्तान टीम में नहीं वापस आने चाहिए। यह सजाएं काफी हैं। जिन्हें रेस्ट देना चाहिए, उन्हें रेस्ट दे दिया जाए। प्लेयर्स के अंदर चेंज लेकर आएं, सजाएं काफी हैं।"
क्रिकइनफो की रिपोर्ट के अनुसार जुर्माना डिसिप्लिनरी कारणों से नहीं है, बल्कि खास तौर पर बोर्ड के अनुसार टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन के लिए लगाया गया है। ये जुर्माना ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ पाकिस्तान के मैच के तुरंत बाद लगाया गया था, जहां खराब प्रदर्शन के कारण 61 रन से हार मिली थी। उन्हें बताया गया था कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचता है तो जुर्माना माफ किया जा सकता है।
हालांकि, मौजूदा पीसीब प्रबंधन के पास बड़े टूर्नामेंट में निराशा के बाद सजा देने का यह तरीका है। पांच महीने पहले, एशिया कप फाइनल में भारत से मिली करीबी हार के बाद, पीसीबी ने खिलाड़ियों को दिए गए सभी नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया था। हालांकि यह निलंबन जल्द ही हटा लिया गया क्योंकि कुछ टॉप खिलाड़ी बीबीएल के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए।