
वीडियो की झलक जिसमें वैभव फैंस से मजाक में पैसे मांग रहे है (Photo - IANS and Screengrab)
Vaibhav Sooryavanshi Viral Video: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के वैभव सूर्यवंशी न केवल मैदान पर अपने ताबड़तोड़ छक्के-चौकों से फैंस को अपना दीवाना बना रहे हैं, बल्कि अपनी सादगी और मासूमियत से भी लोगों का दिल जीत रहे हैं। उनकी यही सादगी इस बात की गवाह है कि वो वाकई अभी सिर्फ 15 साल के एक बेबाक बच्चे हैं। मैदान के अंदर उनका खेल जितना गंभीर और आक्रामक होता है, मैदान के बाहर उनकी मस्ती उतनी ही लाजवाब है और यही संतुलन उन्हें एक बेहतरीन खिलाड़ी के साथ-साथ एक प्यारा इंसान भी बनाता है। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वो नन्हे फैंस के साथ बड़े ही मजेदार अंदाज में मजाक करते नजर आ रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स के सोशल मीडिया पेज पर एक बहुत ही प्यारा वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो में दो छोटे-छोटे फैंस वैभव सूर्यवंशी के पास फोटो खिंचाने आते हैं। वैभव बड़े सीरियस होकर उनसे कहते हैं, 'भाई मैं फोटो लेने के पैसे लेता हूं, सही बोल रहा हूं भाई!' ये सुनकर बेचारे नन्हे फैंस हैरान रह जाते हैं और वहां से जाने लगते हैं। तभी वैभव उनका हाथ पकड़कर रोक लेते हैं और मुस्कुराते हुए कहते हैं, 'रुको-रुको, 100 रुपये लूंगा मैं पूरे, दे दोगे तो बोलो?' नन्हे फैंस इतने भोले थे कि उन्होंने तुरंत 200 रुपये निकाल कर दे दिए और बोले, 'सर, ये हम दोनों के हैं।' वैभव ने तुरंत अपना मजाक खत्म किया और हंसते हुए बोले, 'अरे भाई, मैं तो मजाक कर रहा हूं!' इसके बाद उन्होंने फैंस के साथ फोटो खिंचाई।
वैभव सिर्फ मस्ती में ही नहीं, बैटिंग में भी नंबर-1 चल रहे हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में 103 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत पहली 6 गेंदों में 5 छक्के जड़कर की। वैभव ने मात्र 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है। इसके साथ ही वह महज 15 साल 29 दिन की उम्र में टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए सबसे कम गेंदों (473 बॉल) में 1000 रन पूरे करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
वैभव की इस पारी में 12 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, जो किसी भी भारतीय के आईपीएल की एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। उन्होंने इस मामले में मुरली विजय का रिकॉर्ड तोड़ा। यही नहीं, वैभव आईपीएल के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने 40 गेंदों से कम में दो शतक लगाए हैं। उन्होंने मैच के पहले ही ओवर में 4 छक्के जड़कर नया कीर्तिमान रचा। साथ ही, उन्होंने सिर्फ 15 पारियों में अपने 50 आईपीएल छक्के पूरे कर लिए हैं, जो क्रिस गेल (21 पारी) के रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा तेज है। राजस्थान रॉयल्स के लिए एक से ज्यादा शतक लगाने वाले वो छठे खिलाड़ी बन गए हैं।
Published on:
27 Apr 2026 02:14 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
