
Shubman Gill in Ranji Trophy: शुभमन गिल की रणजी ट्रॉफी में वापसी बेहद ही निराशाजनक रही है। रविवार को न्यू चंडीगढ़ के न्यू पीसीए स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के खिलाफ पंजाब के लिए खेलते हुए भारतीय कप्तान बेहद सस्ते में अपना विकेट फेंग गए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे गिल को गेंदबाजों ने बिलकुल भी टिकने का मौका नहीं दिया। वह सिर्फ पांच गेंदों का सामना करते हुए महज एक रन ही बना पाए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के लेफ्ट आर्म स्पिनर अजय मंडल ने अपना शिकार बनाया।
पंजाब के 68 रन पर दो विकेट गिरने के बाद शुभमन गिल क्रीज पर उतरे, तो उनका सामना लेफ्ट आर्म ऑर्थोडोक्स फेंकने वाले धर्मेंद्र सिंह जडेजा से हुआ। उन्होंने पहली गेंद खाली निकाली और दूसरी गेंद पर एक रन ले लिया। इसके बाद अगले ओवर उनका सामना लेफ्ट आर्म स्पिनर अजय मंडल से हुआ पहली दो गेंद उन्होंने खाली निकाली। फिर गिल उसी ओवर की तीसरी ऐसी बॉल पर आउट हुए, जो अपनी लाइन में थी। बॉल बैट और पैड के बीच से निकलकर मिडिल स्टंप पर जा लगी। इस तरह उनकी पारी सस्ते में सिमट गई।
बता दें कि 27 वर्षीय गिल रणजी ट्रॉफी के शुरुआती राउंड में नहीं खेल पाए थे, लेकिन छह हफ्ते के लंबे टूर पर न्यूजीलैंड जाने से पहले रेड बॉल पर लय हासिल करने की कोशिश में दूसरे राउंड में शामिल हुए, लेकिन पंजाब की पहली पारी कोई योगदान नहीं दे पाए। गिल न्यूजीलैंड के दौरे पर पांच वनडे और उसके बाद दो टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी करेंगे, क्योंकि टीम 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल क्वालिफिकेशन रेस में भी खुद को बनाए रखना है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने लंच तक तीन विकेट के नुकसान पर 89 रन बना लिए हैं। पंजाब की शुरुआत ठीक ठाक रही, उसका पहला विकेट 55 के स्कोर पर हरनूर के रूप में गिरा। हरनूर 20 रन बनाकर अजय मंडल का पहला शिकार बने। इसके बाद 65 के स्कोर पर दूसरे ओपनर विहान मल्होत्रा (40) धर्मेंद्र जडेजा का शिकार बने। टीम का स्कोर 68 पर ही पहुंचा था कि पंजाब को शुभमन गिल के रूप में बड़ा झटका लगा। कप्तान उदय सहारन लंच तक 32 गेंदों पर 19 रन और प्रभसिमरन सिंह 38 गेंदों पर 8 रन बनाकर खेल रहे थे।