
New Zealand vs India 1st ODI Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज के बाद अब पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है, जिसका पहला मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक खास रणनीति के साथ उतरे हैं और काफी हद तक उनका ये प्लान काम भी कर गया है, क्योंकि न्यूजीलैंड के शीर्ष तीन बल्लेबाज एक ही तरह से आउट हुए हैं। आखिर गिल का वह कौन-सा प्लान था, जिसने कीवी टीम को मैच की शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेल दिया है? आइये आपको भी बताते हैं।
दरअसल, शुभमन गिल ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि ऑकलैंड के ईडन पार्क में वह लंबे कद के तेज गेंदबाजों के साथ जाना पसंद करेंगे, क्योंकि यहां अच्छा बाउंस मिलने की उम्मीद है। इसी वजह से भारतीय कप्तान प्लेइंग 11 में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरे और मैच की शुरुआत में ही विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड के शीष तीन बल्लेबाज एक ही तरह से पुल शॉट खेलते हुए आउट हुए हैं।
बता दें कि डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड की पारी के 20 ओवर तक पांच पुल शॉट खेले और उनसे 14 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के बाकी सभी बल्लेबाजों ने मिलकर छह पुल शॉट खेले, तीन रन बनाए और तीन विकेट गंवाए हैं।
अर्शदीप सिंह ने विल यंग को पांचवें ओवर की तीसरी गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ डाली। यंग ने पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का टॉप एज लेकर स्क्वायर लेग की तरफ काफी ऊपर चली गई। श्रेयस अय्यर मिड-विकेट से अपने दाएं तरफ आए और गेंद के नीचे आते हुए आराम से कैच पकड़ लिया। इस तरह अर्शदीप ने विल यंग को अपना पहला शिकार बनाया। इसके बाद अर्शदीप ने हेनरी निकोल्स को भी शॉर्ट लेंथ गेंद पर ही अपना दूसरा शिकार बनाया। हेनरी ने भी पुल शॉट मारने का प्रयास किया था।
15 ओवर के बाद लंबे कद के गुरनूर बराड़ ने 140 किलोमीटर की रफ्तार से टिम सीफर्ट को शॉर्ट बॉल फेंकी। इस पर सीफर्ट ने भी पुल शॉट खेलने का प्रयास किया और गेंद सीधे मिड-ऑन पर रुतुराज गायकवाड़ के हाथों में चली गई।