
Shubman Gill Press Conference before IND vs NZ 1st Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाना है। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से यह सीरीज भारत के लिए बेहद ही महत्वपूर्ण है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों और बेसिन रिजर्व ग्राउंड की पिच की पहली झलक सामने आने के बाद अब सभी की नजरें टीम इंडिया के कॉम्बिनेशन पर होंगी। इसी बीच 19 नवंबर को खेले जाने वाले इस मुकाबले से पहले मंगलवार को भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को देखकर हम चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे। यहां टी20 और वनडे सीरीज में भी तेज गेंदबाजों को फायदा मिला था, जिस वजह से टेस्ट में भी उसी कॉम्बिनेशन के साथ उतरना चाहेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने कहा कि हम 4 तेज गेंदबाजों के साथ वेलिंगटन उतरना चाहेंगे। हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने यहां की परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया है। इस तरह का सिरदर्द अक्सर अच्छा रहता है। हम 4 पेसर्स चाहते हैं, लेकिन अभी यह तय नहीं किया गया है किसे प्लेइंग 11 में शामिल किया जाएगा। हमने अक्सर देखा है कि तीसरे दिन के बाद विकेट फ्लैट हो जाता है। इसलिए हमें ऐसे गेंदबाजों की जरूरत होगी, जो पिच से उछाल पा सकें।
न्यूजीलैंड के दौरे पर भारतीय प्लेइंग 11 में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। यहां भारतीय तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही है। इसी वजह से टीम में बड़ा बदलाव किया गया। भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा रहे कुलदीप यादव की जगह गुरनूर बराड़ को टीम में शामिल कर लिया गया है। शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर शायद न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को देखते हुए कुलदीप को एक भी टेस्ट खेलने का मौका नहीं देते। इसी कारण कुलदीप को टीम से रिलीज किया गया। गुरनूर ने विपक्षी टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करके भारतीय टीम में जगह बनाई है।
बता दें कि ऋषभ पंत फिटनेस क्लियरेंस के साथ भारतीय टीम से जुड़ चुके हैं। इंजरी के चलते वह इंडिया ए के मैचों में भी शामिल नहीं हो पाए थे। टेस्ट सीरीज से ठीक पहले वह फिट घोषित हुए हैं। ऐसे में क्रिकेट फैंस के मन में ये सवाल जरूर होगा कि क्या पंत को सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी या फिर वेलिंगटन में आराम करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने साफ किया ऋषभ के लिए फिटनेस अब कोई सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि पंत को लेकर अब कोई असमंजस वाली स्थिति नहीं है। वह भारत के लिए 50 टेस्ट खेल चुके हैं और दुनिया भर में रन भी बनाए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया में भी शतक लगा चुके हैं।