
Sitanshu Kotak on Ishan Kishan: भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला जाना है। इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया अपनी शुरुआती बढ़त को 2-0 में तब्दील करने का प्रयास करेगी। हालांकि, मेजबान टीम के सामने कुछ अहम फैसले लेने की चुनौती होगी। संजू सैमसन का लगातार रन नही बना पाना और मयंक यादव का महंगा पड़ना टीम मैनेजमेंट को बदलाव करने पर मजबूर कर सकता है। हालांकि इस मैच में सबकी नजर लोकल बॉय ईशान किशन पर होंगी, जिनकी भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने जमकर तारीफ की है।
रांची टी20 की पूर्व संध्या पर कोटक ने कहा कि एक बैटिंग कोच के तौर पर कहूं तो ईशान किशन जिस भी ग्राउंड पर खेलते हैं, वह उसे अपना होम ग्राउंड मानते हैं। वह ऐसे ही खेलते हैं। वर्ल्ड कप के बाद से वह इंडिया के लिए बहुत अच्छा कर रहे हैं। जब वह छोटे थे, तब भी जब मैंने आईपीएल में गुजरात लायंस के लिए उनके साथ काम किया था, वह अग्रेसिव तरीके से ही खेलते थे। अगर कुछ बदला है, तो वह अब बहुत ज्यादा मैच्योर हैं।
बता दें कि सैमसन ने अपनी पिछली चार पारियों में सिर्फ 9, 7, 2 और 11 रन बनाए हैं। टीनेजर सनसनी वैभव सूर्यवंशी भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं, ऐसे में वह एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। सूर्यवंशी अपने आक्रामक अंदाज से पावरप्ले में जमकर रन बटोरने की काबिलियत रखते हैं। वह शुरुआत में ही टीम को अच्छा प्लेटफॉर्म दे सकते हैं, जिसके बाद काम ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर संभाल सकते हैं।
रांची में चुनौती और भी कड़ी होगी, क्योंकि यहां का मैदान ऐतिहासिक रूप से लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों के लिए फायदेमंद रहा है। इस मैदान पर खेले गए सात टी20 मैचों में से चार में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। पहली पारी का औसत स्कोर 138 है, जबकि दूसरी पारी का औसत 111 है। हालांकि, इस मैदान पर बड़े स्कोर भी बने हैं। श्रीलंका के खिलाफ भारत का 196/6 इस मैदान पर सबसे बड़ा टी20 स्कोर है, जबकि भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड का 155/3 सबसे सफल रन चेज है।