
SL U19 vs IND U19 2nd unofficial ODI: भारत अंडर-19 और श्रीलंका अंडर-19 टीमों के बीच आज सोमवार को हंबनटोटा में बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में एक समय भारतीय टीम 81 के स्कोर पर चार विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन यहां से राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ ने अपने छोटे अंडर-19 करियर की अब तक की सबसे बड़ी पारी 87 रन की पारी खेली और भारत को दूसरे अनाधिकारिक वनडे में 285 के स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि इसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने दिमंथा महाविथान के शतक के दम पर दो ओवर शेष रहते 8 विकेट से जीत दर्ज की।
दूसरे यूथ वनडे में पहली बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने महज 10 के स्कोर पर यशवर्धन चौहान का विकेट गंवा दिया। इसबे बाद भारत को बैक-टू-बैक तीन और झटके लगे और उसका स्कोर 16.5 ओवर में 81/4 हो गया। यहां से 'द वॉल' के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ के बेटे ने अन्वय द्रविड़ ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए अर्जुन राजपूत के साथ 126 गेंदों पर 144 रन की साझेदारी की।
अन्वय ने 67 गेंदों पर 9 चौके और एक छक्के की मदद से 87 रन की पारी खेली, लेकिन वह 13 रन से शतक से चूक गए। हालांकि वह भारतीय टीम का कमबैक कराते हुए स्कोर को 285 के फाइटिंग टोटल तक पहुंचाने में कामयाब हो गए। उनके अलावा अर्जुन राजपूत ने 81 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली। वहीं, श्रीलंका की ओर से गिम्हान मेंडिस ने पांच विकेट हॉल अपने नाम किया तो कविजा गमागे ने दो विकेट लिए।
286 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को अच्छी शुरुआत मिली। उसने 25 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया। हालांकि दिमंथा महाविथान ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए सेनुजा वेकुनागोडा के साथ दूसरे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी की। दिमंथा ने 153 गेंदों पर 12 चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 155 रनों की पारी खेली। वहीं, सेनुजा ने 64 गेंदों पर 60 रन तो विमथ दिनसारा ने नाबाद 56 रन की पारी खेली।