
SMAT 2026, Kerala vs Himachal Pradesh Highlights: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के ग्रुप सी मुकाबले में गुरुवार को केरल ने हिमाचल प्रदेश को 67 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए केरल ने मोहम्मद अजहरुद्दीन की शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 268 रन बनाए। जवाब में हिमाचल प्रदेश की टीम सिर्फ 201 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। इस जीत के साथ केरल की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई, जबकि हिमाचल प्रदेश को तीसरे स्थान पर खिसकना पड़ा। हालांकि, अब तक दोनों टीमों ने 7-7 मैच खेले हैं और दोनों के खाते में 5-5 जीत के साथ 20-20 अंक शामिल हैं।
केरल की यह लगातार चौथी जीत है। पहले तीन में से दो मुकाबले गंवाने के बाद केरल की टीम ने त्रिपुरा, पुडुचेरी, असम और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ लगातार चार जीत हासिल कीं। इस मुकाबले में केरल के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी रही और दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5.3 ओवर में 82 रन जोड़ डाले। रोहन कुन्नुमल 16 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए, तो कप्तान संजू सैमसन 21 गेंद में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 44 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
दूसरी ओर, मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपना शतक पूरा किया, लेकिन 101 रन के स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 6 छक्के लगाए। आखिर में अब्दुल बासित ने 5 गेंद में 3 छक्के और एक चौके की मदद से 24 रन की धुआंधार पारी खेली, तो सलमान निजार ने 15 गेंद में 26 रन बनाए।
268 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दोनों सलामी बल्लेबाज 8 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट गए थे। 125 रन पर टीम ने अपने 6 विकेट गंवा दिए थे और यहां से एकतरफा बड़ी हार तय लग रही थी। लेकिन उसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज वैभव कलता ने 28 गेंद में नाबाद 57 रन और आर्यमन सिंह ने 21 गेंद में 30 रन की पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया और बड़ी हार से बचा लिया।