शुभमन गिल को महेंद्र सिंह धोनी की जगह खिलाए जाने की खबरें आ रही हैं।
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच वनडे मैचों की सीरीज का चौथा वनडे मैच गुरुवार को खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से एक बड़ा बदलाव किए जाने की संभावना है। दरअसल, कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि कल के मैच में महेंद्र सिंह धोनी की जगह युवा खिलाड़ी शुभमन गिल को मौका दिया जा सकता है। ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है, क्योंकि भारतीय टीम पहले ही सीरीज में अजेय बढ़त बना चुकी है। इसलिए बाकि के दो मैचों में टीम एक्सपेरिमेंट कर सकती है।
सौरव गांगुली ने भी गिल को खिलाने की कही बात
चौथे वनडे मैच में शुभमन गिल को खिलाए जाने के समर्थन में अब पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी उतर आए हैं। एक न्यूज चैनल से बातचीत में सौरव गांगुली ने कहा है कि शुभमन गिल सीरीजी के बाकि बचे मैचों में प्लेइंग इलेवन में जगह पाने के हकदार हैं। सौरव गांगुली ने कहा कि शुभमन निश्चित रूप से टीम जगह पाने के हकदार हैं, उन्हें सीरीज के बाकि मैचों में जरूर खिलाया जाना चाहिए। गांगुली ने कहा कि वर्ल्ड कप से पहल भारतीय टीम को एक और अच्छा खिलाड़ी मिल सकता है।
रणजी, आईपीएमल और अंडर-19 में कर चुके हैं बेहतरीन प्रदर्शन
आपको बता दें कि शुभमन गिल ने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान किया है। गिल ने इस सीजन में रणजी ट्रॉफी में अपने प्रदर्शन से और आईपीएल में भी अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया था। वो आईपीएल 2018 में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेले थे और 203 रन बनाए थे। इसके अलावा अंडर 19 वर्ल्ड कप में भी शुभमन गिल ने 5 मैंचों में 3 अर्द्धशतक और 1 शतक के साथ 372 रन बनाए थे। शुभमन गिल को राहुल द्रविड़ का भी खास प्लेयर माना जाता है।