क्रिकेट

साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिरीज में बराबरी करने के इरादे से उतरेगी न्यूजीलैंड, जानिए कैसा रहेगा पिच का मिजाज

SA vs NZ 2nd T20 Pitch Report: न्यूजीलैंड कल सेडन पार्क में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरेगी। कीवी पहले टी20 में 7 विकेट से हारकर 0-1 पीछे हैं। पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार और मौसम ठंडा रहेगा और एक हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद है।

2 min read
Mar 16, 2026
दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टी20 - पिच रिपोर्ट (Image: ANI)

SA vs NZ 2nd T20 Pitch Report: हैमिल्टन के सेडन पार्क में कल शाम न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पांच टी20 मैचों की द्विपक्षीय सिरीज का दूसरा टी20 मैच खेला जाएगा। मेजबान कीवी टीम सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही है और पहला मैच हारने के बाद अब बराबरी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। साउथ अफ्रीका ने 15 मार्च को बे ओवल में खेले गए पहले टी20 में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी थी, जहां किवी टीम मात्र 91 रन पर सिमट गई और प्रोटियाज ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर बढ़त बना ली। दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड घरेलू मैदान पर वापसी की कोशिश करेगी, वहीं साउथ अफ्रीका सीरीज में अपना दबदबा बनाए रखना चाहेगी।

ये भी पढ़ें

न्यूजीलैंड को एक ही दिन में लगे 2 बड़े झटके, ईश सोढ़ी के बाद ये खिलाड़ी भी सिरीज से बाहर

बल्लेबाजों के अनुकूल रहेगी पिच

सेडन पार्क की पिच को बल्लेबाजी के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है। यहां के मैदान की बाउंड्री छोटी है, जिससे बड़े शॉट खेलना आसान हो जाता है। इस मैदान पर खेले गए 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 8 मुकाबलों में पहली पारी का स्कोर 180 या उससे ज्यादा रहा है। हाल ही में 8 जनवरी को यहां खेले गए एक घरेलू टी20 मुकाबले में पहली पारी में 240 रन बने थे। पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजी और आसान होती जाएगी। यहां न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भी उल्लेखनीय है, कीवीयों ने हैमिल्टन में खेले 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से 10 में जीत दर्ज की है।

ठंडा और साफ रहेगा मौसम

हैमिल्टन में मंगलवार को मौसम खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिहाज से अनुकूल रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, इसलिए पूरा मैच बिना किसी रुकावट के देखने को मिलेगा। हालांकि ओस बहुत बड़ा फैक्टर नहीं रहेगी, लेकिन मैच के अंतिम ओवरों में हल्की गीली गेंद उस स्तिथि में अहम हो जाएगी अगर मुकाबला नजदीकी रहता है।

प्रोटियाज को बढ़त, चोटों से परेशान कीवी

साउथ अफ्रीका सीरीज में 1-0 से आगे है और पहले मैच में डेब्यूटेंट कोबानी मोकोएना की घातक गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को ध्वस्त किया था। वहीं न्यूजीलैंड को इस मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। अनुभवी स्पिनर ईश सोढ़ी अंगूठे की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाज बेवॉन जैकब्स घुटने की चोट और जॉर्डन हर्मन हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। इन चोटों के कारण टीम कोई नया प्रयोग करने पर मजबूर है।

Also Read
View All

अगली खबर