SRH vs RR Match Highlights: IPL 2026 की पहली हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग काफी निराश नजर आए। इस हार के लिए उन्होंने सीधे तौर पर अपने बल्लेबाजों को दोषी ठहराया। इसके साथ ही गेंदबाजी विभाग पर भी ज्यादा रन देने का आरोप लगाया।
SRH vs RR Match Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार रात इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 रन से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में एसआरएच ने दो गेंदबाजों को प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन को डेब्यू का मौका दिया, जिन्होंने राजस्थान के टॉप ऑर्डर को सस्ते में निपटाकर 8 विकेट हासिल किए। प्रफुल्ल ने 4 ओवरों में 34 रन देकर 4 विकेट तो साकिब ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। आईपीएल 2026 में पहली बुरी तरह हार के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग बेहद हताश नजर आए। इस हार के लिए उन्होंने अपने बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों को भी दोषी ठहराया।
कप्तान रियान पराग ने मैच हारने के बाद कहा कि सच कहूं तो भावनाओं को महसूस करने का ज्यादा समय नहीं मिला। हमने लगातार विकेट गंवाए। इसका श्रेय उनकी गेंदबाजी को जाता है। शायद हमसे कुछ गलतियां हुईं, लेकिन हम इसे बस एक छोटी सी चूक मानेंगे और इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचेंगे।
वहीं, उन्होंने विकेट को लेकर कहा कि असल में पिच काफी अच्छी थी। मुझे लगा कि दूसरी पारी में गेंदबाजी करना बेहतर रहता, शायद इसलिए क्योंकि हमने विकेट गंवाए। नई गेंद पर चमक होने की वजह से पिच थोड़ी चिपचिपी लग रही थी। जब गेंद की चमक चली गई, तो मुझे लगा कि पिच थोड़ी धीमी हो गई है और हम दूसरी पारी में गेंदबाजी कर सकते थे, लेकिन यह सब अब बाद की सोच है और हम बल्लेबाज़ी भी कहीं ज्यादा बेहतर कर सकते थे।
एसआरएच के दो नए गेंदबाजों को लेकर उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें घरेलू क्रिकेट में ज्यादा नहीं देखा है, लेकिन मुझे याद है कि मैंने एक बार साकिब के खिलाफ खेला था। जब बिहार और असम के बीच मैच हुआ था। उन्होंने बहुत ही शानदार गेंदबाजी की। मुझे महसूस हुआ कि घरेलू दर्शकों का समर्थन और उनके नाम के नारे लगने से उन पर काफी दबाव था। जिस तरह से उन्होंने पहले चार या पांच ओवरों में गेंदबाजी की, वह सचमुच बहुत ही बेहतरीन थी।
जडेजा से गेंदबाजी न करवाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने शुरुआत बहुत अच्छी की थी। शायद हम कुछ चीजें थोड़ी अलग तरह से कर सकते थे। जड्डू भाई के मामले में मुझे नहीं पता, बस एक पल का फैसला था। ईशान बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था। इसलिए मैं वह जोखिम नहीं लेना चाहता था। मैंने ओवरों के लिए बिश्नोई पर भरोसा किया। लेकिन, मुझे लगा कि जिस तरह से विकेट खेल रहा था, उसे देखते हुए उन्होंने निश्चित रूप से 30 रन ज्यादा बना लिए थे। जहां तक बल्लेबाज़ी की बात है, 9 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद भी 160 रन बनाना, हमारी बल्लेबाज़ी की गहराई के बारे में बहुत कुछ कहता है।
उन्होंने अंत में कहा कि अब इस हार से आगे बढ़ना है। यह बस एक छोटी सी चूक है और अब हम कोलकाता की ओर बढ़ेंगे और वहां कुछ बेहतर प्रदर्शन करेंगे।