क्रिकेट

श्रीलंका क्रिकेट ने IPL 2026 के लिए ईशान मलिंगा को दी मंजूरी, हसरंगा और पथिराना पर संशय बरकरार

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले ईशान मलिंगा एनओसी दे दी है। जबकि बाकी तीन खिलाड़ियों नुवान तुषारा, वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना को मंजूरी मिलने पर कोई स्‍पष्‍टता नहीं है।
2 min read
Mar 24, 2026
Eshan Malinga
ईशान मलिंगा के विकेट लेने की खुशी मनाते ट्रैविस हेड और पैट कमिंस। (फोटो सोर्स: IANS)

श्रीलंका क्रिकेट ने ईशान मलिंगा को आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने को मंजूरी दे दी है, लेकिन बाकी तीन खिलाड़ियों नुवान तुषारा, वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना के बारे में अभी कुछ पुष्टि नहीं हो सकी है। ये तीनों अभी भी 28 मार्च से शुरू हो रही इस लीग में खेलने के लिए श्रीलंकाई बोर्ड से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हसरंगा और पथिराना फिटनेस टेस्‍ट में शामिल नहीं हुए थे। ऐसे में इन्‍हें भारत आने में देरी हो सकती है।

मलिंगा आज टीम से जुड़ेंगे

सनराइजर्स टीम के एक अधिकारी के हवाले क्रिकबज की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि 25 साल के दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज ईशान मलिंगा बोर्ड से मंजूरी के बाद मंगलवार को टीम से जुड़ सकते हैं। मलिंगा अपने साथी श्रीलंकाई खिलाड़ी कामिंदु मेंडिस के साथ हैदराबाद पहुंचेंगे। मेंडिस को पहले ही श्रीलंका बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है।

पथिराना सीजन के कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे

रिपोर्ट में पहले बताया गया था कि केकेआर के 18 करोड़ रुपये के खिलाड़ी पथिराना सीजन के कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। फ्रैंचाइजी ने उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को लेने के बजाय उनके पूरी तरह ठीक होने का इंतजार करने का फैसला किया है। वहीं, एलएसजी को अपने 2 करोड़ रुपये के खिलाड़ी हसरंगा के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

तुषारा के बारे में भी अभी कुछ स्‍पष्‍टता नहीं

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के के तेज गेंदबाज तुषारा के बारे में भी अभी कुछ स्‍पष्‍टता नहीं है। श्रीलंका क्रिकेट ने हाल ही में एक बयान जारी कर कहा था कि आईपीएल खेलने के लिए नुवान तुषारा को एनओसी मिलेगी या नहीं, यह उनके फिजिकल परफॉर्मेंस टेस्ट के नतीजों पर निर्भर करेगा। वहीं, आईपीएल में खेल रहे दूसरे श्रीलंकाई खिलाड़ियों दुष्मंथा चमीरा, पथुम निसांका और दासुन शनाका को खेलने की मंजूरी मिल गई है।

ईशान किशन कप्तानों की बैठक में शामिल होंगे

इस बीच सनराइज़र्स के अधिकारियों ने बताया है कि टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस मंगलवार को बेंगलुरु पहुंचेंगे। उम्मीद है कि तब तक टीम के बाकी खिलाड़ी भी शहर में पहुंच चुके होंगे। एसआरएच 28 मार्च को चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के पहले मैच में मेजबान टीम और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स का सामना करेगी। फ्रैंचाइजी ने यह भी पुष्टि की है कि कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन 25 मार्च को मुंबई में होने वाली कप्तानों की बैठक में शामिल होंगे।

Updated on:
24 Mar 2026 08:11 am
Published on:
24 Mar 2026 08:11 am