
Sri Lanka cricketer dies during match: बेरुवाला में ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की ओर से आयोजित एक फ्रेंडली मैच में बल्लेबाजी के दौरान श्रीलंकाई क्रिकेटर की अचानक मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जुल्फिकार तीन गेंदों पर छह रन बनाकर खेल रहे थे। इसी बीच वह अचानक क्रीज पर गिर। यह देखते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उनके मृत होने की पुष्टि की। हालांकि अभी तक उनके मौत की वजह नहीं पता चल सकी है।
इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना 5 जुलाई की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर लोग खिलाड़ी की मौत पर संवेदना जताते हुए उनकी आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में भगवान से शक्ति देने की कामना कर रहे हैं।
दरअसल, मैच के दौरान जुल्फिकार की टीम का स्कोर 36/5 था और वह तीन गेंदों पर 6 रन बनाकर स्ट्राइक पर थे। चौथे ओवर की पांचवीं गेंद को अंपायर ने नो बॉल करार दिया। गेंदबाज और फिल्डिंग टीम इसका विरोध कर रहे थे। इसी बीच 45 वर्षीय जुल्फिकार ने हाथ उठाकर कुछ इशारा किया, लेकिन किसी का ध्यान उनकी तरफ नहीं था। वह थोड़ा आगे बढ़े और क्रीज पर ही गिर गए। उनके गिरते ही सभी खिलाड़ी विरोध भूल उनकी ओर दौड़ पड़े।
बगैर देर किए सभी खिलाड़ी उन्हें अपनी बाहों में मैदान से बाहर ले गए और फिर आनन फानन में उन्हें बेरुवाला रीजनल हॉस्पिटल ले जाने का इंतजाम किया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों उनके मृत होने की पुष्टि की। अस्पताल के सूत्रों से पता चला है कि उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी।
लोकल रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरने वाले की पहचान मैच के लाइव स्कोरकार्ड से जुल्फिकार के तौर पर हुई, उनकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। वह बेरुवाला के चाइना फोर्ट इलाके में एक जाने-माने मुस्लिम स्कूल के पुराने स्टूडेंट्स के साथ एक क्रिकेट कार्निवल में हिस्सा ले रहा थे, जब यह घटना हुई। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार, उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। बता दें कि इस तरह की ये पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मैच के दौरान हार्ट अटैक से कई क्रिकेटरों की मौत हो चुकी है।