
भारतीय ओपनर ईशान किशन और अभिषेक शर्मा। (फोटो सोर्स: IANS)
Sanju Samson Drop Controversy: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज के बीच टीम इंडिया के सेलेक्टर्स ने जिंबॉब्वे दौरे पर खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम से संजू सैमसन को बाहर कर दिया गया, जबकि अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी नहीं चुने गए। हालांकि संजू को स्क्वॉड में न देखकर पूर्व खिलाड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा और सोशल मीडिया पर भी अजीत अगरकर एंड कंपनी की खूब अलोचना हो रही है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठाए हैं। आकाश चोपड़ा ने कहा कि जिस तरीके से चीजें चल रही हैं, उस हिसाब से तो कभी ईशान किशन और अभिषेक शर्मा को भी टीम से बाहर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी दूसरे खिलाड़ी को मौका देने के लिए उस खिलाड़ी को बाहर किया जा रहा है, जिसने हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्डकप जिताया हो, तो यह सही तरीका नहीं है।
आकाश चोपड़ा ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि किसी और को मौका देने के लिए आप किसी खिलाड़ी को बाहर कर दें, वो भी उस खिलाड़ी को जिसने आपको वर्ल्ड चैंपियन बनाया हो। उन्होंने कहा, "कि चयनकर्ताओं ने किसी साधारण खिलाड़ी को नहीं, बल्कि उस बल्लेबाज को बाहर किया है जिसने भारत को टी20 वर्ल्डकप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। सिर्फ तीन खराब पारियों की वजह से उसकी पूरी उपलब्धि को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।"
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में 50 गेंदों पर 97 रन की पारी खेली थी। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने 42 गेंदों पर 89 रन बनाए थे। वहीं अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल में उन्होंने सिर्फ 46 गेंदों पर 89 रन ठोक दिए थे, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने खिताब अपने नाम किया।
हालांकि आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों और इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें जिंबॉब्वे दौरे की टीम में जगह नहीं मिली। आकाश चोपड़ा ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी क्या गारंटी है कि वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे।
हालांकि चयनकर्ताओं ने इस दौरे पर बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा छेड़छाड़ नहीं की, लेकिन गेंदबाजी विभाग को पूरी तरह बदल दिया है। वरुण चक्रवर्ती को छोड़ दें तो हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, आशोक शर्मा और मयंक यादव के कंधों पर गेंदबाजी की जिम्मेदारी होगी।
Updated on:
07 Jul 2026 02:23 pm
Published on:
07 Jul 2026 02:23 pm
