क्रिकेट

फिर विवादों में स्टीव स्मिथ, बांग्लादेश की DRS चर्चा में दिया दखल, अंपायर ने लिया यह एक्शन, देखें Video

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को अंपायर नितिन मेनन ने बांग्लादेश की DRS चर्चा में दखल देने के लिए चेतावनी दी है। स्मिथ ने यही हरकत डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में भी की थी।
2 min read
• •
Updated: 22 Aug 2026, 1:00 PM IST
Steve Smith
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (फोटो- ESPNcricinfo)

Steve Smith DRS Controversy, Australia vs Bangladesh, 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरीना में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ विवादों में आ गए हैं। दरअसल स्टीव स्मिथ एक बार फिर बांग्लादेशी खिलाड़ियों को ‘डिसीजन रिव्यू सिस्टम’ (DRS) लेने के लिए उकसाते हुए नजर आए।

स्टीव स्मिथ ने DRS चर्चा में दिया दखल

इस टेस्ट मैच के पहले दिन यह घटना ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के नौवें ओवर में हुई। तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद की गेंद स्मिथ के पैड पर लगी और उन्होंने LBW की अपील की, लेकिन अंपायर नितिन मेनन ने इसे खारिज कर दिया। इस बात का यकीन होने पर कि रिव्यू सफल हो सकता है, तस्कीन ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो से फैसले को थर्ड अंपायर के पास भेजने का अनुरोध किया।

जब बांग्लादेश के खिलाड़ी इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि रिव्यू लिया जाए या नहीं, तभी इस चर्चा में स्मिथ भी शामिल हो गए। स्मिथ ने फील्डरों से कहा, “मैंने गेंद काफी आगे से खेली है और यह स्टंप्स को मिस कर जाएगी। वैसे ले लो रिव्यू।” टेलीविजन फुटेज में स्मिथ बांग्लादेशी फील्डर्स की ओर इशारा करते हुए भी दिखे, जिसमें वे उन्हें फैसले को रिव्यू के लिए भेजने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे।

अंपायर ने स्मिथ को चेतावनी दी

आखिरकार शांतो ने रिव्यू न लेने का फैसला किया, लेकिन स्मिथ का दखल अंपायरों की नजर से नहीं बच सका। दोनों अंपायर बल्लेबाज के पास गए और उनसे बात की। साफ तौर पर वे यह समझा रहे थे कि रिव्यू लेने या न लेने का फैसला बांग्लादेश की फील्डिंग टीम को करना था।

डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भी स्मिथ ने ऐसा ही कुछ किया था। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में स्मिथ के खिलाफ इबादत हुसैन की LBW की अपील ठुकरा दी गई थी और बांग्लादेश यह सोच रहा था कि क्या वे अपने आखिरी रिव्यू का इस्तेमाल करें या नहीं। तब भी स्मिथ ने उन्हें रिव्यू लेने के लिए उकसाया था।

Updated on:
22 Aug 2026, 1:00 PM IST
Published on: