क्रिकेट

Sunil Narine की कहर बरपाती गेंदों के सामने बल्लेबाजों ने टेके घुटने, 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर चटकाए 3 विकेट

Caribbean Premier League 2026 में स्पिन के जादूगर Sunil Narine की किफायती और घातक गेंदबाजी के दम पर ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने सेंट किट्स पैट्रियोट्स के बैटिंग लाइन अप को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
2 min read
Aug 09, 2026
Sunil Narine
सुनील नरेन (फोटो- Trinbago Knight Riders X)

Sunil Narine in CPL 2026: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे ही मुकाबले में सुनील नरेन की घातक गेंदबाजी देखने को मिली है। किंग्सटाउन में खेले गए सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियोट्स बनाम ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के बीच के मुकाबले में सुनील नरेन ने चार ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट चटका दिए, जिसकी बदौलत सेंट किट्स की पूरे 20 ओवर खेलने के बाद सिर्फ 109 रन बना सकी।

नरेन ने दिया पहला झटका

इस मुकाबले में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के कप्तान अकील हुसैन ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सेंट किट्स पैट्रियोट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सुनील नरेन ने आंद्रे फ्लेचर को आउट कर पहला झटका दिया, उसके बाद उन्होंने कायल मेयर्स और अलिक अथानाज़ को भी पवेलियन की राह दिखा दी। दोनों बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके। मेयर्स जहां पहली गेंद पर ही आउट हुए, वहीं अथानाज़ तीन गेंदों का सामना कर सुनील नरेन की गेंद पर कैच थमाकर पवेलियन लौटे। नरेन ने अपने चार ओवर के कोटे में एक ओवर मेडन भी डाला और सिर्फ सात रन खर्च किए।

इसके अलावा टेरेंस हिंड्स ने भी 3 विकेट चटकाए, जबकि डोमिनिक ड्रेक्स को दो सफलताएं मिलीं। सेंट किट्स पैट्रियोट्स ने सिर्फ 47 रन पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद केविन विकहम और अशमीद नेड की महत्वपूर्ण पारियों ने टीम को ऑलआउट होने से बचा लिया।

38 साल की उम्र में भी नहीं थम रहा कहर

38 साल के सुनील नरेन इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ T20 फ्रेंचाइजी लीग्स खेलते हैं। IPL में वह KKR के सबसे महत्वपूर्ण सदस्यों में से एक हैं, तो वहीं कैरेबियन प्रीमियर लीग में वह ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 6 टेस्ट मैच खेले हैं और 21 विकेट चटकाए हैं, वहीं 65 वनडे मैचों में 92 विकेट हासिल किए हैं, तो 51 T20I में उनके नाम 52 विकेट दर्ज हैं। IPL में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। नरेन ने 201 मैचों में 207 विकेट तो चटकाए ही हैं, साथ ही 1800 से ज्यादा रन भी बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 165 से भी ऊपर का रहा है, जिसमें 7 अर्धशतकीय पारियां और एक शतक शामिल है।

Updated on:
09 Aug 2026 08:35 am
Published on:
09 Aug 2026 08:35 am