क्रिकेट

IND vs SA: कप्तान सूर्या ने प्रैस कॉन्फ्रेंस में जिन्हें किया था डिफ़ेंड, अब उन्हीं पर फोड़ा हार का ठीकरा, क्या होगी तिलक और अभिषेक की छुट्टी?

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा इस पूरे टूर्नामेंट में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुक़ाबले से एक शाम पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या से इन दोनों बल्लेबाजों के फॉर्म पर सवाल किए गए थे। तब कप्तान ने उन्हें डिफ़ेंड किया था और टीम में बनाए रखने की बात कही थी।

2 min read
Feb 23, 2026
भारतीय टी20 टीम के कप्‍तान सूर्यकुमार यादव। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/CricCrazyJohns)

Suryakumar yadav, India vs South Africa, T20 World Cup 2026: भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के हाथों सुपर-8 मुकाबले में 76 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। कप्तान सूर्यकुमार यादव का मानना है कि रविवार को खेले गए इस मैच में टीम इंडिया की गेंदबाजी अच्छी रही, लेकिन बल्लेबाजी में थोड़ा और बेहतर किया जा सकता था। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए, जिसके जवाब में टीम इंडिया 18.5 ओवरों में 111 रन पर सिमट गई।

अच्छी शुरुआत के बाद मिली हार

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहली हार के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "मुझे लगा कि शुरुआत से ही हम मैच में बने हुए थे। हमने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की। साउथ अफ्रीकी टीम 21 रन (20 रन) पर 3 विकेट खो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने 7 से 15 ओवरों के बीच में जिस तरह बल्लेबाजी की, वह काबिल-ए-तारीफ थी। लेकिन बाद में हम फिर मैच में वापस लौटे। कुल मिलाकर देखें तो हमारी गेंदबाजी अच्छी रही, बस बल्लेबाजी में थोड़ा और बेहतर कर सकते थे।"

सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजों पर फोड़ा ठीकरा

सूर्या ने कहा, "मेरा मानना है कि जब आप 180–185 रनों का पीछा कर रहे हों, तो पावरप्ले में मैच नहीं जीत सकते, लेकिन वहीं मैच हार जरूर सकते हैं। हमने पावरप्ले में बहुत ज्यादा विकेट गंवा दिए और फिर 180–185 रनों का पीछा करते हुए वैसी छोटी-छोटी साझेदारियां नहीं बना पाए, जैसी हम चाहते थे। लेकिन यही क्रिकेट है। हम इससे सीखेंगे, बैठकर समीक्षा करेंगे और फिर मजबूती से वापसी करेंगे।"

अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा पूरी तरह फ्लॉप

भारत की हार की मुख्य वजह उनकी खराब बल्लेबाजी रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा इस पूरे टूर्नामेंट में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुक़ाबले से एक शाम पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या से इन दोनों बल्लेबाजों के फॉर्म पर सवाल किए गए थे। तब कप्तान ने उन्हें डिफ़ेंड किया था और टीम में बनाए रखने की बात कही थी। अब यही फैसला टीम को उल्टा पड़ा है।

जसप्रीत बुमराह-अर्शदीप सिंह की जोड़ी घातक

इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। कप्तान ने इन गेंदबाजों की तारीफ में कहा, "जहां तक गेंदबाजी जोड़ी की बात है, सभी जानते हैं कि जसप्रीत बुमराह-अर्शदीप सिंह की जोड़ी कितनी घातक है। दोनों साथ खेल चुके हैं। आज भी दोनों ने मिलकर आठ ओवर डाले, करीब पांच विकेट लिए और लगभग 45–50 रन दिए। उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और यही हम उनसे चाहते हैं। दोनों अनुभवी हैं और टीम में इनका होना हमारे लिए बहुत फायदेमंद है।"

टीम इंडिया सुपर-8 के अपने अगले मैच में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। कप्तान सूर्या ने कहा, "अगले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ हमारी कोशिश यही रहेगी कि हम अच्छी बल्लेबाजी करें, अच्छी गेंदबाजी करें और अच्छी फील्डिंग करें। हम चीजों को सरल रखेंगे, उस तरह का क्रिकेट खेलेंगे जो हम खेलना चाहते हैं, कुछ भी नहीं बदलेगा। मुझे भरोसा है कि हम मजबूती से वापसी करेंगे।"

Also Read
View All

अगली खबर