
Suryakumar Yadav, IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 17वां संस्करण शुरू हो चुका है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस (MI) ने अबतक दो मैच खेले हैं और दोनों में ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम के उपकप्तान सूर्यकुमार यादव चोट के चलते टीम से बाहर हैं और अबतक स्क्वाड से नहीं जुड़े हैं। फिलहाल वह बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
सूर्यकुमार की स्पोर्ट्स हार्निया की सर्जरी हुई थी। जिसके चलते वे लीग के पहले दो मैच नहीं खेल पाये हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि सूर्या राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ खेले जाने वाले होम मैच में वापसी कर सकते हैं। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी उन्हें और समय लग सकता है। पहले कहा गया था कि सूर्या आईपीएल 2024 शुरू होने से पहले फिट हो जाएंगे। लेकिन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट की मानें तो सूर्यकुमार यादव एक अप्रैल को राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में भी नहीं उतरेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जून में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सूर्या की फिटनेस को लेकर कोई जल्दबाज़ी नहीं करना चाहता। ऐसे में पूरी तरह से फिन न होने तक उन्हें एनसीए में ही रहने को कहा गया है।
मुंबई इंडियंस ने पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेला जिसमें उन्हें छह रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद आईपीएल 2024 के आठवें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मुंबई को 31 रन से करारी शिकस्त दी। अंक तालिका में फिलहाल टीम नौवें नंबर पर बनी हुई है।