क्रिकेट

ट्रॉफी के लिए देश की 32 टीमों के बीच टक्कर जारी, ईशान किशन की कप्तानी वाली झारखंड सबसे आगे

Syed Mushtaq Ali Trophy 2025 Points Table: ईशान किशन की अगुवाई वाली झारखंड की टीम ने अब तक अपने सभी मुकाबले जीते हैं और अंक तालिका में टॉप पर है।
2 min read
• •
Updated: 6 Dec 2025, 5:21 PM IST
Ishan Kishan
ईशान किशन (फोटो- IANS)

SMAT 2025: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 8-8 की 4 ग्रुप में बांटा गया है। झारखंड की टीम अब तक अजेय रही है। उसने अपने सभी 6 मुकाबले जीते हैं और अंक तालिका में पहले स्थान पर है। ईशान किशन की अगुवाई वाली इस टीम ने दिल्ली, कर्नाटक, सौराष्ट्र, तमिलनाडु, त्रिपुरा और उत्तराखंड को मात दी है। ग्रुप स्टेज में उनका आखिरी मुकाबला राजस्थान से 8 दिसंबर को होना है। झारखंड की तरह राजस्थान ने भी अब तक सभी मुकाबले जीते हैं, हालांकि नेट रनरेट के मामले में वह झारखंड से पीछे है।

ग्रुप A में टॉप पर मुंबई

ग्रुप A में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई के साथ आंध्र प्रदेश, केरल, ओडिशा, रेलवे, विदर्भ, असम और छत्तीसगढ़ की टीमें शामिल हैं, तो ग्रुप B में बिहार, हैदराबाद, मध्य प्रदेश, गोवा, उत्तर प्रदेश, जम्मू एंड कश्मीर, महाराष्ट्र और चंडीगढ़ की टीमें हैं। ग्रुप C में सर्विसेज, हिमाचल प्रदेश, पुडुचेरी, हरियाणा, बड़ौदा, पंजाब, बंगाल और गुजरात की टीमें शामिल हैं। ग्रुप D में झारखंड, राजस्थान, दिल्ली, कर्नाटक, सौराष्ट्र, तमिलनाडु, त्रिपुरा और उत्तराखंड की टीमें शामिल हैं।

सभी 4 ग्रुप से टॉप की 2 टीमें सुपर लीग ग्रुप में पहुंचेंगी। इन 8 टीमों को 4-4 की 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। इस दौरान सभी टीमें 3-3 मैच खेलेंगी और दोनों ग्रुप की टॉप टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी। खिताबी मुकाबला 18 दिसंबर को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। तीन बार इस टूर्नामेंट को जीतने वाली तमिलनाडु बाहर होने के कगार पर है। उसने अब तक सिर्फ 2 मैच जीते हैं और 4 गंवा दिए हैं। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई ग्रुप A में टॉप पर है, तो ग्रुप C में गुजरात और ग्रुप B में हैदराबाद की टीम पहले स्थान पर हैं।

अब तक सबसे सफल टीमें

साल 2006 में इस टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी। तमिलनाडु ने पंजाब को हराकर पहला खिताब जीता। इसके बाद उसने 2021 और 2022 में लगातार 2 खिताब जीते और इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनी। इसके अलावा कर्नाटक, मुंबई, गुजरात और बड़ौदा की टीमें 2-2 बार खिताब जीत चुकी हैं।

Updated on:
6 Dec 2025, 5:21 PM IST
Published on: