क्रिकेट

SA vs AUS 2nd Test: स्कॉट बोलैंड की आंधी में उड़ी साउथ अफ्रीका की आधी टीम, उसी पिच पर विकेट के लिए तरसे पैट कमिंस

South Africa vs Australia 2nd Test: बारिश से प्रभावित दूसरे टेस्ट के शुरुआती दो दिनों में सिर्फ 43 ओवरों का खेल हो सका। साउथ अफ्रीका ने पांच विकेट गंवा दिए हैं, जबकि कप्तान टेंबा बावुमा क्रीज पर टिके हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड अब तक चार विकेट हासिल कर चुके हैं।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
SA vs AUS
साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया (फोटो- IANS)

Australia vs South Africa 2nd Test Update: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है और मेजबान टीम की स्थिति नाजुक बनी हुई है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने 43 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 97 रन बना लिए हैं। कप्तान टेम्बा बावुमा 41 रन और वियान मुल्डर 2 रन बनाकर नाबाद रहे। बारिश की वजह से दूसरे दिन 30.4 ओवर का ही खेल हो पाया। साउथ अफ्रीकी टीम ने पहले दिन सिर्फ 12.2 ओवरों का सामना किया, जिसमें 20 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए। अब तक स्कॉट बोलैंड 4 विकेट चटका चुके हैं जबकि इसी पिच पर पैट कमिंस को अब तक सफलता नहीं मिली है।

5वें विकेट की साझेदारी ने सुधारी स्थिति

अगले दिन भी बारिश के चलते मैच काफी देर से शुरू हुआ। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते वह सोमवार को मैदान पर नहीं उतरे। उन्होंने मुकाबले के पहले दिन 5 ओवरों में सिर्फ 3 रन दिए थे। साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने मार्केस एकरमैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 13 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 25 के स्कोर तक पहुंचाया, जहां मार्केस एकरमैन (6) का विकेट गिर गया। इसके बाद बावुमा ने मैथ्यू ब्रीत्जके के साथ चौथे विकेट के लिए 15 रन जुटाकर टीम को 40 के स्कोर तक पहुंचाया। ब्रीत्जके साउथ अफ्रीका के खाते में सिर्फ 4 रन जुटा सके। यहां से टेंबा बावुमा ने रयान रिकेल्टन के साथ पांचवें विकेट के लिए 109 गेंदों में 52 रन जुटाकर स्कोर 92 तक पहुंचाया।

रिकेल्टन 51 गेंदों में 5 चौकों के साथ 31 रन बनाकर आउट हुए। दिन की समाप्ति तक बावुमा 108 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 41 रन बना चुके थे, जबकि वियान मुल्डर अपने खाते में 2 रन जुटा चुके थे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्कॉट बोलैंड ने 14 ओवरों में 31 रन देकर 4 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि मिचेल स्टार्क ने 1 विकेट अपने नाम किया है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने 10 ओवर की गेंदबाजी की लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।

Updated on:
19 Oct 2026 10:37 pm
Published on:
19 Oct 2026 10:37 pm