
प्रज्ञान ओझा (फोटो- BCCI)
Team India New Selection Panel: सोमवार को BCCI ने नए चीफ सेलेक्टर के नाम पर मुहर लगा दी। अजीत अगरकर के कार्यकाल के खत्म होने के बाद उम्मीद थी कि प्रज्ञान ओझा को नया मुख्य चयनकर्ता बनाया जाएगा और हुआ भी वैसा। अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे वाली क्रिकेट सलाहकार समिति ने मेंस सेलेक्शन कमेटी के सदस्य की नियुक्ति के लिए एक चयन प्रक्रिया आयोजित की। इस दौरान बीसीसीआई मुख्यालय में मीटिंग हुई और सर्वसम्मति से प्रज्ञान ओझा को चीफ सेलेक्टर बना दिया गया। इसके अलावा रमेश पोवार को भी सेलेक्शन पैनल में जगह मिल गई।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सेलेक्शन कमेटी में प्रज्ञान ओझा, शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं। इन सभी पूर्व क्रिकेटर्स में से सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का अनुभव प्रज्ञान ओझा के पास है। यही वजह है कि वह कमेटी की अगुवाई करेंगे। ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। रमेश पोवार भारत के लिए सिर्फ 2 ही टेस्ट मैच खेल पाए हैं। आरपी सिंह ने 14 टेस्ट और 58 वनडे मैच खेले हैं, जबकि उन्होंने 10 टी20 मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
रमेश पोवार इसस पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के कोच थे। उनके कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब जीता और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक भी अपने नाम किया।
इससे पहले टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर थे, जिनके कार्यकाल में भारत ने 2024 और 2026 में टी20 वर्ल्डकप का खिताब जीता। इसके अलावा टीम इंडिया 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी में जीतने में सफल रही। इंग्लैंड दौरे पर रोहित शर्मा को लेकर उनके रुख की कड़ी आलोचना हुई और फिर मोहम्मद शमी को लगातार नजरअंदाज करने की वजह से भी अजीत अगरकर आलोचकों ने निशाने पर आए। सितंबर 2026 में अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म हो गया।
टीम इंडिया का सेलेक्टर बनने के लिए किसी भी भारतीय खिलाड़ी के पास कम से कम 7 टेस्ट मैच या 30 फर्स्ट क्लास मैच या 10 वनडे और 20 फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा उसे रिटायर हुए 5 साल हो चुके हों। जब भी टीम इंडिया में सेलेक्टर्स की वैकेंसी होती है, BCCI आवेदन मांगता है और जिन्होंने भी इस पोस्ट के लिए अप्लाई किया होता है, उसका इंटरव्यू के आधार पर सेलेक्शन होता है।
Updated on:
19 Oct 2026 04:59 pm
Published on:
19 Oct 2026 04:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
