
सौराष्ट्र के खिलाफ बल्लेबाजी करते मनवंत कुमार। (फोटो सोर्स: एक्स@/TheBharatPulse)
Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में 22वां मैच कर्नाटक और सौराष्ट्र के बीच बेंगलुरु के अलूर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां पहले बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक की टीम 194 के स्कोर पर अपने 8 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसती नजर आ रही थी। इसके बाद नंबर-9 पर 22 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज मनवंत कुमार क्रीज पर उतरे और संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए 214 गेंदों पर 11 चौके और 6 छक्कों की मदद से 135 रन की जबरदस्त पारी खेली। उन्होंने अभिलाष शेट्टी के साथ 9वें विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी की। यह उनका सिर्फ दूसरा फर्स्ट-क्लास मैच है। उनकी इस पारी के दम कर्नाटक की टीम अपनी पहली पारी में स्कोर बोर्ड पर 342 रन लगाने में सफल रही है।
बता दें कि मनवंत कुमार ने पिछले हफ्ते ही आंध्र के खिलाफ रणजी डेब्यू किया था और दूसरे ही मैच में मनवंत ने अपनी हिम्मत से सबको इम्प्रेस किया है। इसका सबसे अच्छा उदाहरण यह था कि उन्होंने 8 विकेट गिरने के बाद बने 148 रन में से अकेले 135 रन बनाए। मनवंत मार्च 2024 में कर्नल सीके नायडू (U-23) ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने महज 12 के स्कोर पर ओपनर रोहन पाटिल (6) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद उसे 13 के स्कोर पर दूसरा बड़ा झटका विजयकुमार विषक (1) के रूप में लगा। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए मयंक अग्रवाल और केवी अनीश के बीच 98 रन की साझेदारी हुई और कर्नाटक का स्कोर 100 के पार पहुंचा। मयंक अग्रवाल ने 83 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन की पारी खेली। फिर चौथा विकेट 131 के स्कोर पर केवी अनीश के रूप में गिरा, वह 96 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद पांचवां विकेट 140 के स्कोर पर अनीश्वर गौतम (4) के रूप में गिरा। इस तरह नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और कर्नाटक की टीम ने 194 के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए। 8वें विकेट के रूप में करुण नायर आउट हुए, जिन्होंने 46 रन की पारी खेली और अपने अर्धशतक से चूक गए। यहां से मनवंत कुमार बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने 9वें विकेट के लिए अभिलाष शेट्टी के साथ 146 रन की साझेदारी की। मनवंत ने 214 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और छह छक्कों की सहायता से 135 रन बनाए। फिर कर्नाटक का अंतिम विकेट 342 के स्कोर पर गिरा।
दूसरे दिन लंच तक सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में बिना कोई नुकसान पांच ओवर में 14 रन बना लिए हैं। हार्विक देसाई 15 गेंदों पर 11 रन और हेत्विक कोटक 15 गेंदों पर तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।
Updated on:
19 Oct 2026 12:20 pm
Published on:
19 Oct 2026 11:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
