न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान रॉस टेलर अब समोआ की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। संन्यास वापस लेने के बाद रॉस टेलर ने समोआ क्रिकेट टीम की जर्सी के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।
Ross Taylor, T20 World Cup 2026 Qualifier: न्यूजीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर रॉस टेलर ने तीन साल के बाद रिटायरमेंट वापस ले ली है। 41 साल के टेलर अब न्यूजीलैंड नहीं बल्कि सामोआ के लिए डेब्यू करने जा रहे रहे हैं। टेलर ओमान में 8 अक्टूबर से शुरू होने वाले एशिया-ईस्ट एशिया-पैसिफिक टी20 वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर में हिस्सा लेंगे। यह सामोआ के लिए पुरुषों के पहले बड़े वैश्विक टूर्नामेंट में जगह बनाने का सुनहरा मौका है।
इंस्टाग्राम पर टेलर ने लिखा, "यह सिर्फ उस खेल में वापसी नहीं है जिसे मैं प्यार करता हूँ, बल्कि मेरे लिए अपनी जड़ों, संस्कृति, गाँव और परिवार का प्रतिनिधित्व करना बहुत बड़ा सम्मान है। मैं इस मौके को लेकर बेहद उत्साहित हूँ। अब मुझे खेल को कुछ लौटाने, टीम से जुड़ने और मैदान के अंदर व बाहर अपना अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।"
टेलर उन कई खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें सामोआ की टीम में शामिल किया गया है। टीम में शॉन सोलीया जैसे खिलाड़ी भी वापसी कर रहे हैं। हाल ही में सिंगापुर में हुई चतुष्कोणीय सीरीज़ में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी जगह मिली है।
रॉस टेलर के पास सामोआ का पासपोर्ट है, जो उन्हें अपनी माँ की विरासत से मिला है। अप्रैल 2022 में न्यूज़ीलैंड के लिए आखिरी मैच खेलने के बाद अब उनका तीन साल का अनिवार्य इंतज़ार पूरा हो चुका है, जिससे वे सामोआ की ओर से खेलने के पात्र हो गए हैं। 41 वर्षीय टेलर ने अपने बचपन में खेले जाने वाले किलिकिटी को अपने खेल जीवन की बड़ी प्रेरणा बताया है। उन्होंने कई बार न्यूज़ीलैंड क्रिकेट से पॉलीनेशियन समुदाय के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराने की अपील भी की थी।
ब्लैक कैप्स की ओर से टेलर ने 18,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 40 शतक निकले हैं। टेलर ने 112 टेस्ट मैचों की 196 पारियों में 44.16 की औसत से 7684 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 19 शतक और 35 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं 236 वनडे मैचों की 220 पारियों में 47.52 की शानदार औसत से 8602 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 21 शतक और 51 अर्धशतक लगाए हैं। टी20 की बात करें तो टेलर ने 102 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों की 94 पारियों में 25.45 की औसत से 1909 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने सात अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा वे सात आईपीएल और पाँच सीपीएल सीज़न में भी खेले और दुनिया भर में करीब 5,000 रन बनाए।
सामोआ ने क्वालिफायर में जगह बनाने के लिए सब-रीजनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया और वानुआतु, कुक आइलैंड्स और फिजी जैसी टीमों को हराया। अब वे ओमान में होने वाले नौ टीमों के टूर्नामेंट में खेलेंगे। इस प्रतियोगिता में सामोआ के अलावा पापुआ न्यू गिनी और जापान ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्षेत्र से उतरेंगे। तीन टीमों को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट मिलेगा। टूर्नामेंट में ओमान, नेपाल, कुवैत, मलेशिया, कतर और यूएई जैसी मजबूत टीमें भी शामिल होंगी।