
मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स (फोटो- IANS)
IPL 2026 MI vs PBKS Highlights: आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 195 रन बनाए, जिसमें क्विंटन डी कॉक ने नाबाद 60 गेंदों में 112 रन की शानदार पारी खेली। 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने इसे 17 ओवर में ही हासिल कर लिया। प्रभसिमरन सिंह ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 66 रनों की अहम पारी खेली। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स का अजेय सिलसिला जारी रहा, जबकि मुंबई इंडियंस की यह लगातार चौथी हार है।
मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। रोहित शर्मा की जगह क्विंटन डी कॉक की वापसी हुई, जबकि मिचेल सैंटनर को बाहर करना पड़ा और उनकी जगह मयंक रावत ने डेब्यू किया। मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रयान रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद क्विंटन डी कॉक और नमन धीर ने टीम को 130 के पार पहुंचाया। नमन धीर 50 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डी कॉक ने शानदार शतक जड़ा।
इसके बाद क्विंटन डी कॉक को दूसरे छोर से ज्यादा साथ नहीं मिला। उन्होंने 112 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण मुंबई इंडियंस 20-25 रन कम बना पाई और 195 रन तक ही पहुंच सकी। 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रियांश आर्य 15 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कूपर कोनोली 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला और टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
हालांकि श्रेयस अय्यर आउट 66 रन बनाकर हो गए, लेकिन मार्कस स्टोइनिस ने प्रभसिमरन का साथ दिया और दोनों ने मिलकर 16.3 ओवर में ही पंजाब किंग्स को जीत दिला दी। प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। टीम के 5 मैचों में 9 अंक हैं, जिसमें 4 जीत और 1 मुकाबला बारिश के कारण रद्द रहा। दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है, जिसके 5 मैचों में 8 अंक हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स के भी 5 मैचों में 8 अंक हैं।
मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम नौवें स्थान पर बनी हुई है और यह उनकी लगातार चौथी हार है। इस हार के बड़े कारण जसप्रीत बुमराह रहे, जो लगातार पांचवें मैच में विकेट नहीं ले सके। इस मुकाबले में उन्होंने 4 ओवर में 41 रन दिए और कोई विकेट नहीं मिला। वहीं दीपक चाहर ने 2.3 ओवर में 45 रन लुटाए और वह भी विकेट लेने में नाकाम रहे। शार्दुल ठाकुर को भी सिर्फ 1 विकेट मिला। यही वजह रही कि मुंबई इंडियंस 195 रन के स्कोर को भी डिफेंड नहीं कर पाई।
Updated on:
16 Apr 2026 11:13 pm
Published on:
16 Apr 2026 11:05 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
