
मेलबर्न : तीसरे टेस्ट मैच में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत और आस्ट्रेलियाई कप्तान तथा विकेटकीपर बल्लेबाज टिम पेन के बीच जबरदस्त जुबानी जंग देखने को मिली। दोनों ने जमकर एक-दूसरे के खिलाफ स्लेजिंग की। ऑस्ट्रेलियन कप्तान टिम पेन ने तो पंत को यहां तक कह डाला था कि क्या वह बेबीसिटर हैं, जब वह अपनी पत्नी के साथ सिनेमा देखने जाएंगे तो क्या वह उनके बच्चों को संभाल सकते हैं।
इसके बाद एक बार और पंत को छेड़ते हुए कहा था कि अच्छा ये बताओ कि जब एमएस धोनी वनडे टीम में वापसी करेंगे तब वह क्या करेंगे। आस्ट्रेलियाई लीग क्रिकेट का नाम लेते हुए कहा कि हर्रिकेन को भी बल्लेबाज की जरूरत है और ऑस्ट्रेलिया में छुट्टी मनाना भी अच्छा है। चाहो तो समुद्र किनारे अपार्टमेंट भी ले सकते हो। यह सारी बातें टिम पेन ने तब कही थी जब रिषभ पंत पिच पर बल्लेबाजी कर रहे थे। तीसरा टेस्ट मैच जीतने के बाद भारतीय टीम के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने इस स्लेजिंग को सच कर दिखाया। वह न सिर्फ टिम पेन की पत्नी बॉनी पेन से मिले, बल्कि उनके बच्चे को भी गोद में खेलाया। इसकी तस्वीर पेन की पत्नी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाली है।
पंत ने भी पेन को कम नहीं छेड़ा
इसके बाद टिम पेन जब बल्लेबाजी करने आए तो रिषभ पंत भी उन्हें छेड़ने से बाज नहीं आए। उन्होंने टिम पेन को अस्थायी कप्तान कहा। लेकिन इसी बीच पंत पेन के परिवार से भी मिले और उनके बच्चों को बेबीसिटिंग भी की। इस प्यारे क्षण की तस्वीर पेन की पत्नी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाली है और कैप्शन लिखा है- बेस्ट बेबीसिटर।