ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के नए कप्तान टिम पेन ने एक स्पोर्ट्स वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में टीम और खिलाड़ियों की स्थिति के बारे में बताया ।
नई दिल्ली। आपात स्थिति में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान नियुक्त किए गए विकेटकीपर-बल्लेबाज टिम पेन ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गेंद से छेड़खानी करने वाले विवाद के बाद उनकी टीम को अब एक अलग, नई और बेहतर पहचान बनानी होगी। स्टीव स्मिथ और उनकी टीम तब विवादों में आ गई थी जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में कैमरून बेनक्रॉफ्ट को गेंद से छेड़छाड़ करते हुए पकड़ा गया था और बाद में बेनक्रॉफ्ट तथा स्मिथ दोनों ने इस बात को कबूला था कि गेंद से छेड़छाड़ टीम की योजना थी।
विवाद के बाद टिम पेन को सौंपी गई थी कप्तानी
इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने स्मिथ को कप्तानी और उप-कप्तान डेविड वार्नर को तीसरे दिन टेस्ट के बाकी बचे दो दिन के लिए पदों से हटा दिया था। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भी स्मिथ पर एक मैच का प्रतिबंध और पूरी मैच फीस का जुर्माना लगाया तो वहीं बेनक्रॉफ्ट पर मैच फीस का 75 फीसदी जुर्माना लगाया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टिम पेन को कप्तानी के लिए चुना था।
टीम के प्रति ऑस्ट्रेलिया में बिगड़ी स्थिति को लेकर चिंतित हैं पेन
एक स्पोर्ट्स वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में टिम पेन ने कहा, "काफी विवाद हो चुका, लेकिन यह मुश्किल घड़ी है। अगले मैच में कुछ खिलाड़ियों को मौका मिलेगा कि वो अपने देश के लिए खेल सकें। अब हम जो कर सकते है वो यह है कि हम ऑस्ट्रेलिया की जनता के सामने कैसे जाएंगे और वो टीम कैसे बनेंगे जैसी टीम वो हमें देखना चाहते हैं।" उन्होंने कहा, "हमने नहीं सोचा था कि यह इतना बड़ा विवाद बन जाएगा और खासकर घर में हमें ऐसी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलेंगी।"
पेन ने कहा बुरी स्थिति से गुजर रहे हैं स्मिथ, वार्नर और बैंक्रॉफ्ट
उन्होंने कहा, "यह काफी अजीब स्थिति है। इस तरह के हालात में कोई भी टीम पड़ना नहीं चाहती। पिछले 24 घंटे काफी बुरे रहे हैं। सुबह हमारी एक टीम के तौर पर बात हुई और स्मिथ तथा वार्नर ने बताया कि उन्होंने अपने पद छोड़ दिए हैं और फिर चयनसमिति के अध्यक्ष ने मुझसे कप्तानी करने को कहा।" पेन ने स्मिथ, बेनक्रॉफ्ट और वार्नर की स्थिति के बारे में कहा, "वह अच्छी स्थिति में नहीं हैं। यह 24 घंटे उनके लिए काफी बुरे रहे हैं। वे संघर्ष कर रहे हैं। शायद जो हकीकत है, उसका असर हो रहा है।"
आखिरी मैच जीत सम्मान बचाना चाहेगी ऑस्ट्रेलिया की टीम
ऑस्ट्रेलिया ने केप टाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच को 322 रनों से गंवा दिया था और टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-2 से पीछ हो गई है। टीम का मनोबल काफी हद तक गिरा हुआ है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की टीम और उनके प्रशंसक आखिरी मैच में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में यह बहुत ही बड़े बदलाव का समय है।अगले मैच से पहले टीम में कई बदलाव हो चुके होंगे। टीम को एक जुट होकर अपने मान-सम्मान के लिए चौथा मैच खेलना होगा।