
Team India at U19 ODI Asia Cup: अंडर-19 एशिया कप का 13वां संस्करण 5 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4-4 के दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। टीम इंडिया का पिछले दोनों संस्करणों में प्रदर्शन अच्छा रहा है, लेकिन दोनों बार उसे खिताबी मुकाबले में हार मिली है। 2024 में बांग्लादेश ने टीम इंडिया को हराया था, तो 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। हालांकि, इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया का दबदबा रहा है।
पहली बार 1989 में इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जहां टीम इंडिया के साथ श्रीलंका और पाकिस्तान ने हिस्सा लिया और युवा भारतीय टीम ने खिताब जीत लिया। इसके 14 साल बाद दूसरा संस्करण आयोजित किया गया, जिसकी मेजबानी पाकिस्तान के गद्दाफी स्टेडियम ने की। यहां भी टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीत लिया। 9 साल बाद तीसरा संस्करण मलेशिया में आयोजित हुआ और इस बार टीमों की संख्या 8 हो गई। खिताबी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान का स्कोर बराबर रहा, जिससे ट्रॉफी दोनों टीमों के बीच साझा कर दी गई।
अगले साल भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर अपना चौथा खिताब जीता। 2016 में टीम इंडिया ने खिताबी मुकाबले में श्रीलंका को तीसरी बार हराया और अपना पांचवां खिताब जीता। साल 2017 में अफगानिस्तान ने कहानी बदल दी और पाकिस्तान को हराकर खिताब जीत लिया। यह पहला मौका था, जब भारत के अलावा कोई दूसरी टीम चैंपियन बनी। हालांकि, इसके बाद टीम इंडिया ने 2018, 2019 और 2021 में लगातार 3 बार खिताब जीता। 2018 और 2021 में टीम इंडिया ने श्रीलंका को मात दी, तो 2019 में बांग्लादेश को हराया।
2023 में टीम इंडिया फाइनल में नहीं पहुंच सकी और बांग्लादेश ने फाइनल में यूएई को हराकर पहला खिताब जीता। 2024 में बांग्लादेश ने फाइनल में टीम इंडिया को हरा दिया और लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में पहुंचीं और इस बार भी टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। पिछले दोनों फाइनल हारने के बावजूद टीम इंडिया ने 8 बार खिताब जीता है। पाकिस्तान और बांग्लादेश 2-2 बार चैंपियन रहे हैं, तो अफगानिस्तान ने एक बार खिताब अपने नाम किया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि श्रीलंका इस टूर्नामेंट के 5 फाइनल खेल चुका है, लेकिन उसे अभी भी पहली ट्रॉफी का इंतजार है।