
टीम इंडिया (फोटो-BCCI)
Shubman Gill on Team India Win: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे में 5 विकेट से हरा दिया। बुधवार को ऑकलैंड में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 185 रन बनाए, जहां टीम इंडिया की ओर से अर्शदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट निकाले, तो अंशुल कंबोज ने दो विकेट हासिल किए। इसके बाद बारिश की वजह से डकवर्थ-लुईस नियम के तहत टीम इंडिया को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य दिया गया था। विराट कोहली की 74 रनों की तूफानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने सिर्फ 22.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद बताया कि किसकी वजह से मैच का रुख पलटा। प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उन्होंने अपने गेंदबाजों की जमकर तारीफ की और बताया कि आज के मैच में फील्डिंग में काफी अच्छी हुई। इस दौरान उन्होंने रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की और बताया कि उनके रन आउट की वजह से मैच का रुख पलट गया।
शुभमन गिल ने कहा, "मुझे लगता है कि हमारी गेंदबाजी बहुत अच्छी रही और हमारी फील्डिंग भी काफी शानदार थी। रोहित भाई ने जो रन आउट किया, उसने खेल का रुख ही बदल दिया। मुझे लगता है कि डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की साझेदारी ने अहम भूमिका निभाई। हमने भारत में भी देखा था कि उन दोनों ने कितनी अच्छी बल्लेबाजी की थी। कुल मिलाकर, यह हमारी टीम का बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा।"
अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ की तारीफ करते हुए शुभमन गिल ने कहा, "अंशुल एक ऐसे गेंदबाज हैं जो इन परिस्थितियों के लिए एकदम उपयुक्त है। वह हमेशा तेज गेंदबाजी करते हैं और गेंद को सीम कराने की कोशिश करते हैं। वह पुरानी गेंद से भी अच्छी गेंदबाजी करते हैं।" बीच मैच में बारिश की वजह से हुई दिक्कतों के बारे में बात करते हुए गिल ने कहा, "जब आप क्रीज पर सेट हो चुके हों और तभी बारिश आ जाए, तो चीजें आसान नहीं होतीं। बारिश के बाद पिच थोड़ी तेज हो गई और गेंद और भी तेजी से आने लगी। इससे लक्ष्य भी कम हो गया। इसलिए, हमने बस अपना सामान्य खेल खेलने की कोशिश की। और मुझे लगता है कि विराट भाई ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उसने हमारे लिए चीजें काफी आसान कर दीं।
Updated on:
4 Nov 2026, 4:37 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 4:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.