
India vs Nepal, U19 Asia Cup: अंडर-19 एशिया कप 2026 में आज भारत और नेपाल के बीच मुकाबला खेला गया है। भारतीय टीम ने नेपाल को 10 विकेट से हराकर अपने अभियान का आगाज किया। नेपाल की पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.3 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में बिना विकेट गंवाए 129 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
नेपाल से जीत के लिए मिले 129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने भारत की ओर से आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी उतरे। दोनों बल्लेबाजों ने कमाल की बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने नेपाल के गेंदबाजों को खासा परेशान किया और मैदान के चारों ओर आकर्षक स्ट्रोक लगाए। आर्यवीर सहवाग ने जहां 52 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं उनका साथ दे रहे कप्तान लक्ष्य रायचंदनी ने 63 गेंद में 7 चौके संग नाबाद 53 रनों की पारी खेली।
इससे पहले भारत ने टॉस जीता और नेपाल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नेपाल की शुरुआत खराब रही और निरंतर अंतराल पर गिरते विकेट ने रही सही कसर पूरी कर दी। नेपाल की ओर से दर्श सोनार ने सर्वाधिक 43 रन की जूझारू पारी खेली। इसके लिए दर्श सोनार ने 93 गेंदों का सामना किया। इसके अलावा नेपाल के लिए आशीष लोहार (39 रन) और नीरज कुमार यादव (20 रन) का योगदान दिया। इस तरह नेपाल की पूरी टीम 42.3 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने कमाल की बॉलिंग की। ईशान सूद ने जहां 10 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिसमें 4 मैडन ओवर भी शामिल हैं। वहीं अर्जुन राजपूत ने 5.3 ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट लिए, जिसमें 1 मैडन ओवर शामिल है। इन दोनों के अलावा भारत के लिए यशवीर गौड़ ने 2 विकेट जबकि काव्या पटेल, मनल चौहान ने 1-1 विकेट लिया।