क्रिकेट

Vaibhav Sooryavanshi बड़ी पारी खेलने से चूके, उनकी कप्तानी वाली बिहार ने सौराष्ट्र के सामने रखा 138 रन का लक्ष्य

Vaibhav Sooryavanshi की कप्तानी वाली बिहार ने सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी के अपने पहले चरण के मुकाबले में सौराष्ट्र के सामने 138 रन का लक्ष्‍य रखा है। वैभव सूर्यवंशी ने बतौर सलामी बल्‍लेबाज सधी हुई शुरुआत की थी, लेकिन वह उसे बड़ी पारी में तबदील नहीं कर सके।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 1:05 PM IST
Vaibhav Sooryavanshi in SMAT 2026
SMAT 2026: बिहार के कप्‍तान वैभव सूर्यवंशी। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/circleofcricket)

Vaibhav Sooryavanshi in SMAT 2026: सैयद मुश्‍ताक अली ट्रॉफी 2026 में आज शनिवार को पहले चरण के मुकाबले खेले जा रहे हैं। एलीट ग्रुप-बी में बिहार और सौराष्‍ट्र के बीच मुकाबला इंदौर के होल्‍कर स्‍टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में बिहार के 15 वर्षीय कप्‍तान वैभव सूर्यवंशी ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया और उनकी टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर स्‍कोर बोर्ड पर 137 रन ही लगा सकी है। इस तरह उसने सौराष्‍ट्र के सामने 138 रन का लक्ष्‍य रखा है। बिहार के लिए पहले मैच में कप्‍तानी कर रहे वैभव ने काफी संभलकर शुरुआत की थी, लेकिन वह 12 गेंदों पर दो चौके और एक छक्‍के की मदद से 150 के स्‍ट्राइक रेट से 18 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। बिहार की ओर से पृथ्‍वी राज ने सबसे ज्‍यादा 27 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली है। वहीं, सौराष्‍ट्र के लिए चेतन सकारिया और प्रेरक मांकड़ ने तीन-तीन विकेट चटकाए हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने मेंस टी20 क्रिकेट में रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में बिहार की कमान संभालते ही इतिहास रच दिया है। वह 15 साल 232 दिन की उम्र में मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र के कप्‍तान बन गए हैं। सूर्यवंशी ने इस मामले में क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने पिछले साल 17 साल और 311 दिन की उम्र में टी20 इंटरनेशनल में अपनी नेशनल टीम की कप्तानी की थी।

बिहार की खराब शुरुआत

पहली बार वैभव सूर्यवंशी की कप्‍तानी में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी बिहार टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर ही 13 के स्‍कोर पर आलोक कुमार (4) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद टीम का स्‍कोर 4.4 ओवर में 35 रन पर ही पहुंचा था कि बिहार को सबसे बड़ा झटका अपने कप्‍तान वैभव सूर्यवंशी के विकेट के रूप में लगा। वह 12 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्‍के की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन ही बना सकी।

Updated on:
14 Nov 2026, 1:05 PM IST
Published on: