क्रिकेट

पाकिस्तान-ए के खिलाफ सस्ते में आउट हुए वैभव सूर्यवंशी, लगातार गिर रहा प्रदर्शन; आंकड़े दे रहे गवाही!

पाकिस्तान-ए के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए। जानिए उनके हालिया प्रदर्शन और लगातार खराब होती फॉर्म का पूरा रिकॉर्ड।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 10:16 PM IST
India A vs Pakistan A
भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी। (File Photo- IANS)

Vaibhav Sooryavanshi: क्रिकेट की दुनिया में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान-ए के खिलाफ भी उनका बल्ला खामोश रहा। इस मुकाबले में वह महज 11 रन बनाकर आउट हो गए। उनके इस प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रशंसकों के बीच एक बार फिर उनकी फॉर्म को लेकर चर्चा छेड़ दी है। कभी गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले वैभव पिछले कुछ मुकाबलों में बड़ी पारियां खेलने के लिए जूझते नजर आ रहे हैं। उनके हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो निरंतरता की कमी साफ दिखाई देती है।

रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं वैभव

वैभव सूर्यवंशी के हालिया मुकाबलों पर नजर डालें तो उनके संघर्ष की तस्वीर साफ नजर आती है। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में 20 नवंबर को इंडिया-ए की ओर से नेपाल के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने 26 रन बनाए थे। इससे पहले 14 नवंबर को घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की ओर से सौराष्ट्र के खिलाफ वह महज 18 रन ही बना सके थे।

वहीं, 27 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 45 रनों की पारी खेली थी। हालांकि, इससे ठीक पहले 24 अक्टूबर को इसी टीम के खिलाफ टी20I में वह केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। यानी एक मुकाबले में उनका बल्ला चला, तो अगले ही मैच में वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

एशियन गेम्स 2026 में भी निराशाजनक प्रदर्शन

एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ भी वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन अपेक्षा के मुताबिक नहीं रहा था। 3 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए एशियन गेम्स 2026 फाइनल मैच (टी20 इंटरनेशनल) में वैभव के बल्ले से 15 रन निकले थे। वहीं, 1 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 38 रन बनाए थे। इन दोनों पारियों में भी वह अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके।

अगस्त-सितंबर में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जड़ा था अर्धशतक

इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 6 सितंबर को ईस्ट जोन की ओर से साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी में 44 और दूसरी पारी में 8 रन बनाए थे। वहीं, अगस्त-सितंबर में सेंट्रल जोन के खिलाफ उनका बल्ला जमकर बोला था। इस मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने 92 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में 40 रनों का योगदान दिया था।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि वैभव सूर्यवंशी पिछले कुछ मुकाबलों में बड़ी पारियां खेलने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पाकिस्तान-ए के खिलाफ सस्ते में आउट होना भी उनकी फॉर्म को लेकर चल रही चर्चा को और हवा देता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि वैभव कब अपनी पुरानी लय हासिल करते हैं और एक बार फिर बड़ी पारियां खेलकर क्रिकेट प्रशंसकों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरते हैं।

Updated on:
22 Nov 2026, 10:16 PM IST
Published on: