क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी ने क्यों नहीं दिया 10वीं का एग्जाम, स्कूल के प्रिंसिपल ने किया बड़ा खुलासा

भारतीय क्रिकेट सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स से खेलेंगे, उन्होंने अपनी 10वीं की सीबीएसई परीक्षा नहीं दी है आइए जानते हैं क्या है वजह।

2 min read
Feb 17, 2026
वैभव सूर्यवंशी (IANS)

Vaibhav Suryavanshi CBSE Exam: भारत के युवा क्रिकेट सेंसेशन, वैभव सूर्यवंशी, जो भारतीय क्रिकेट टीम के भविष्य के सितारे माने जा रहे हैं, ने इस साल सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया है। यह परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च तक चलेंगी। हालांकि, वैभव अपने क्रिकेट करियर में व्यस्त रहने के कारण इस परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

स्कूल प्रिंसिपल का बयान

मॉडेस्टी स्कूल ताजपुर के प्रिंसिपल आदर्श कुमार (पिंटू) ने वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी से बातचीत के बाद दैनिक जागरण को बताया कि, "वैभव इस बार अपनी 10वीं की परीक्षा नहीं देंगे, क्योंकि उनका क्रिकेट करियर इन दिनों काफी व्यस्त चल रहा है।"

एग्जाम के लिए भरा था फॉर्म

सीबीएसई के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी का परीक्षा फॉर्म भर लिया गया था और उनका एडमिट कार्ड भी जारी हो चुका था। उनका परीक्षा केंद्र पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल था। स्कूल के प्रिंसिपल एनके सिन्हा ने कहा, "आज वैभव सूर्यवंशी परीक्षा देने नहीं आए। उन्हें अनुपस्थित दर्ज कर लिया गया है, जैसा कि सीबीएसई की नीति है। हम उम्मीद करते थे कि वह परीक्षा देने आएंगे, लेकिन उनका क्रिकेट से जुड़ा अन्य कार्य हो सकता है, जैसे अभ्यास या मैच। हमें यकीन है कि वह अगले परीक्षा सत्र में भाग लेंगे।"

क्रिकेट में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं वैभव सूर्यवंशी

हाल ही में खत्म हुए अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी को चौंका दिया। वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज रहे और साथ ही दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने 7 मैचों में 62.71 की औसत और 169.50 की स्ट्राइक रेट से कुल 439 रन बनाएं। इस दौरान, उन्होंने एक शतक और तीन अर्द्धशतक भी जड़े।

फाइनल में खेली आतिशी पारी

अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में, वैभव सूर्यवंशी का बल्ला धधकते हुए नजर आया। उन्होंने महज 80 गेंदों में 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। इस शानदार पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के अवार्ड से नवाजा गया। उनकी यह पारी न केवल उनके भविष्य को उज्जवल बनाती है, बल्कि क्रिकेट की दुनिया में एक नए सितारे के रूप में उनके उभरने का संकेत देती है।

आईपीएल में नजर आएंगे वैभव सूर्यवंशी

अब वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 मैचों में 252 रन बनाए थे। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 35 गेंदों में शतक जड़कर क्रिकेट प्रेमियों को चौंका दिया था। अब उनकी नजरें आईपीएल 2026 में और भी शानदार प्रदर्शन करने पर हैं, जहां वह रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे।

Also Read
View All

अगली खबर